Suryanagari Express Derail : यात्री ने बयां किया आंखों देखा हाल; 5 मिनट तक तेज आवाज, फिर अचानक पलट गए डिब्बे

Paali: राजस्थान में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बांद्रा से जोधपुर आ रही सूर्यनगरी एक्सप्रेस पाली में डिरेल हो गई। ट्रेन के स्लीपर क्लास के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें से कुछ डिब्बे पटरी से उतरने के बाद पलट गए। सुबह का समय होने के कारण हादसे के समय यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक कुल 17 यात्री घायल हुए हैं. घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी देते हुए मौके पर मौजूद एक यात्री ने बताया, 'मारवाड़ जंक्शन से निकलने के पांच मिनट के अंदर ट्रेन के झटके की आवाज सुनाई दी और दो से तीन मिनट के बाद ट्रेन रुक गई. हम नीचे उतरे और देखा कि कम से कम आठ स्लीपर क्लास के डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे। हालांकि, 15-20 मिनट के भीतर एंबुलेंस, ट्रेन क्रू और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशि किरण ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि सूर्यनगरी एक्सप्रेस रजकियावास और बोमदरा के बीच पटरी से उतर गई है. करीब 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि किसी जनहानी की सूचना नहीं। अधिकारी वहां पहुंचे। राहत और बचाव कार्य जारी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिदेशक व अन्य अधिकारी जयपुर स्थित मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर रख रहे हैं. कैप्टन सीपीआरओ शशि किरण ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा रेलवे ने एक हेल्पलाइन नंबर भी बनाया है, जिसके जरिए परिजन जानकारी ले सकते हैं।

प्रभावित यात्रियों और परिवार के सदस्यों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर प्रदान किया गया है। जोधपुर के लिए: 02912654979, 02912654993, 02912624125, 02912431646 और पाली मारवाड़ के लिए 02932250324। यात्री और परिवार 138 और 1072 पर संपर्क करके भी प्रश्न पूछ सकते हैं।