Baran : आईफ्लू केंप में 204 रोगी लाभान्वित, औषधीय किट वितरित किए
संवाददाता विष्णु भारद्वाज
बारां राजस्थान
बारां 02 अगस्त। शहर के सत्संग भवन मार्ग स्थित राजकीय आयुर्वेद चल चिकित्सा इकाई में बुधवार को आईफ्लू केंप लगाया गया। जिसमें 204 रोगियों की आंखों में ड्रॉप डाली गई। साथ ही उन्हें औषधीय किट वितरित किए गए। चिकित्सालय प्रभारी डॉ. हरिशंकर मीणा ने बताया कि शिविर का शुभारम्भ मुख्य अतिथि समाज सेवी महावीर माथोड़िया ने किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राजकुमार गोयल व चंदालाल जैन थे। अध्यक्षता आयुर्वेद चिकित्सक संघ अध्यक्ष डॉ. हेमराज सेन ने की। शिविर में दोपहर तक रोगियों की भीड़ लगी रही। इनमें सर्वाधिक रोगी आईफ्लू के आए। वहीं मौसमी बीमारियों से पीड़ित रोगियों को चिकित्सा परामर्श भी दिया गया। इन दिनों शहर सहित जिले में मौसमी बीमारियों एवं आईफ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इससे बचाव के लिए समय पर चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। शिविर में आईफ्लू (नवीन नेत्राभिष्यंद) नियंत्रण के लिए औषधीय किट में रोगियों को आईड्रॉप, सप्तामृत लौह, केशौरगुग्गुल वटी, त्रिफला चूर्ण आदि का वितरण किया गया। चिकित्सा परामर्श के दौरान डॉ. मीणा ने रोगियों को चस्मा व मास्क का उपयोग करने एवं पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी। मुख्य अतिथि माथोड़िया ने कहा कि चल चिकित्सा इकाई अस्पताल के विकास के लिए उन्होंने विधायक पानाचंद मेघवाल से चर्चा की है। जिस पर उन्होंने बताया था कि शीघ्र ही नगर परिषद द्वारा निर्माण कार्य के टेंडर जारी किए जाएंगे। ऐसे शिविर नियमित रूप लगाते रहने की सलाह दी। वहीं डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि यहां निरंतर शिविर लगाए जा रहे हैं। जिनकी सफलता के कारण ही आज रोगियों की भीड़ देखने को मिल रही है। एक ही अस्पताल में सीमित संशाधनों के बावजूद क्षारसूत्र, अग्निकर्म चिकित्सा, पंचकर्म, लीच थैरेपी आदि पद्धतियों द्वारा सफलतापूर्वक रोगियों को उपचारित किया जा रहा है। शिविर में सहायक निदेशक डॉ. अजय कुमार नागर, डॉ. जितेंद्र सिंह हाड़ा, डॉ. अजय सिंह, डॉ. कमलेश कंवरिया, सुरेंद्र किराड़, कम्पाउंडर शिवशंकर नागर, भीमराज सुमन, नरेंद्र गोयल आदि ने सहयोग किया।