जिले में एक साथ 3 लाख 77 हजार 717 व्यक्तियों ने किया सूर्य नमस्कार
-सूर्य सप्तमी पर हुए आयोजन में हर वर्ग बना भागीदार
कोटा 15 फरवरी। सूर्य सप्तमी के अवसर पर प्रदेश भर में 15 फरवरी को आयोजित विराट सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में एक साथ 3 लाख 77 हजार 717 व्यक्तियों द्वारा सूर्य नमस्कार किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 5100 व्यक्ति सहभागी बने। महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित जिले में विभिन्न स्थानों पर इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों की उत्साह जनक भागीदारी रही। सूर्य नमस्कार में किशोर व बालक, बालिकाओं से लेकर 90 वर्ष तक के वयोवृद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साह से भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विधिवत सूर्य नमस्कार के आसन कराए गए। साथ ही मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए सूर्य नमस्कार का महत्व भी बताया गया।
जिला कलक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्पूर्ण जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार प्रातः 10.30 से 10.45 के मध्य सम्पन्न कर विश्व रिकार्ड बनाने में सहयोग किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ममता तिवाडी, प्रधान सांगोद जयवीर सिंह, खेल अधिकारी मधु चौहान सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों ने भाग लिया। क्रीडा भारती जिला प्रभारी नित्यानन्द द्वारा सूर्य की महत्ता एवं व्यायाम के लाभ पर प्रकाश डालते हुए सूर्य नमस्कार के 12 आसन करवाए गए।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी चारू मित्रा सोनी ने बताया कि शिक्षा विभाग के जिले में संचालित 1056 राजकीय विद्यालयों, 1170 निजी विद्यालयों, 128 मदरसों, 141 संस्कृत विद्यालयों, 2 सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों सहित अल्पसंख्यक विद्यालय में सूर्य नमस्कार किया गया। उन्होंने बताया कि एसडीएमसी सदस्यों, अभिभावकों, कोचिंग संस्थानों सहित जिले में कुल 3 लाख 77 हजार 717 व्यक्तियों ने भाग लेकर सामूहिक सूर्य नमस्कार किया।
इस कार्यक्रम में पन्नालाल जीव, गोपाल गर्ग, विभिन्न योग सेवा संस्थाएं यथा गायत्री परिवार, पतंजली योग संस्थान, भारती योग सेवा संस्थान, एलन कोचिंग संस्थान, मोशन कोचिंग संस्थान, वाईब्रेन्ट कोचिंग संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय समस्त अधिकारी व कर्मचारी, शिक्षकों, गणमान्य नागरिक व खिलाडियों ने भाग लिया। आयोजन में एलन वाईब्रेन्ट व मोशन कोचिंग संस्थान ने सहयोग प्रदान किया तथा बैठक व्यवस्था नगर निगम कोटा उत्तर द्वारा उपलब्ध करवाई गई। क्रीडा भारती कोटा प्रमुख बाल मुकुन्द के निर्देशन में समस्त व्यवस्था की गई ।