सर्वस्पर्शी, समावेशी और गरीब कल्याण वाला बजट
कोटा/जयपुर 1 फरवरी। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्र सरकार के अंतरिम बजट को सर्वस्पर्शी, समावेशी और गरीब कल्याण करने वाला बजट बताते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाला बजट बताया है।
मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बजट में 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य स्पष्ट नजर आता है। आगामी 5 वर्षों में 2 करोड़ नए प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रह रहे गरीब लोगों का अपना घर बनाने का सपना साकार होगा। एक करोड़ महिलाओं को अब तक लखपति दीदी बनाया गया है। अब 3 करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह महिला कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयकर की बात की जाए तो वित्त मंत्री ने 10 हजार तक का 10 साल पुराना टैक्स माफ करने की घोषणा की है। 7 लाख रूपये तक की आय पर टैक्स नहीं। साथ ही आयकर भरने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है और रिफंड जारी करने में भी तेजी लाई गई है।
बजट में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से प्रदूषण पर रोक लगेगी। वंदे भारत की 40000 बोगी निर्माण का लक्ष्य है। इससे देश में और अधिक संख्या में वंदे भारत ट्रेन का परिचालन हो सकेगा जिससे आमजन को सुखद व सुरक्षित रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। तीन नए रेल कॉरिडोर बनाने से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। जनसंख्या वृद्धि को लेकर कमेटी बनाने की घोषणा की गई है जो कि वर्तमान परिस्थितियों में अति आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त राज्यों को 75000 करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण। इंफ्रास्ट्रक्चर पर 11 प्रतिशत तक खर्च का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कुल मिलाकर नए दृढ़ संकल्पों के साथ आगे बढ़ने वाला बजट है। जो देश को विकास की नई ऊंचाई पर लेकर जायेगा।