ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी कोटा संभाग
तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी, जन जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
प्रदर्शनी को देखने उमड़ी भारी भीड़, प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केन्द्र
बूंदी, 17 अगस्त, 2022। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित की गई प्रदर्शनी आम लोगों के बीच केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं आजादी के पहलुओं के बारे में जागरूकता और जिज्ञासा को बढ़ावा देने वाली है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन के साथ युवा पीढी विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकते हैं और उसका लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकते हैं। यह विचार नगर परिषद बूंदी उपसभापति लटूर भाई ने व्यक्त किए। वह केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, कोटा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है जो आमजन एवं युवा पीढी के लिए आकर्षण का केन्द्र बन रही है।
केन्द्रीय संचार ब्यूरो कार्यक्रम प्रभारी प्रेम सिंह ने अतिथियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री सुनील यादव ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कर्तव्य का पालन भी करना चाहिए ।क्योंकि संविधान के तहत दिए गए अधिकार तभी कारगर है जब हम अपने कर्तव्य को पूर्ण रूप से पालन करें।
कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी सुरेश गुर्जर ने विभाग द्वारा संचालित फसल बीमा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किसानों के हित मे फार्म पोण्ड, पाइप लाइन, काटेदार तार बंदी, पीएम कुसुम योजना, उन्नत कृषि यंत्र, पौध संरक्षण उपकरण फव्वारा तथा ड्रीप सिचाई योजना सहित अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी स्थिति को सुधार सकते हैं।
राजकुमार दाधीच, संयोजक इंटेक भारतीय सांस्कृतिक निधि ने संबोधित करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की आन बान शान को दर्शाता है और 75 वर्ष के इतिहास के बारे में हमें जानकारी देता है यह प्रदर्शनी राजस्थान के क्रांतिकारी स्थलों एवं क्रांतिकारियों के बारे में हमें सही जानकारी प्रदान कर रही है,
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के राजेंद्र वर्मा ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री मातृ बंधन योजना आदि के बारे में जानकारी प्रदान की, विधालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश वर्मा, गिरिराज गर्ग सीओ भारत राज्य स्काउट गाइड , बूंदी डॉ.सर्वेश तिवारी संयुक्त सचिव स्काउट गाइड,पृथ्वीराज राजावत,बिट्ठल सनाड्य,श्रीमती नीलम श्रीवास्तव जगमोहन मीणा प्रधानाचार्य भेरूपुरा आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए । छात्रों को वन्य जीवो के संरक्षण में योगदान देने हेतु एक फिल्म दिखाई गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार सहायक रमेश स्वामी ने विद्यार्थियों एवं आमजन के बीच मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।