21 जनवरी को होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन सतर्क
-केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक एवं उपसमन्वयक दल प्रभारी को दिया प्रशिक्षण
कोटा 19 जनवरी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा सूचना सहायक सीधी भर्ती परीक्षा रविवार 21 जनवरी प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्र पर लगे केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक एवं उपसमन्वयक दल प्रभारी का प्रशिक्षण शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। कलक्टर ने कहा राज्य सरकार परीक्षा की निष्पक्षता के लिए अतिगंभीर है इसलिए सभी कार्मिक एवं अधिकारी निष्पक्ष होकर निष्ठा पूर्ण तरीके से अपनी जिम्मेदारियो का वहन करें।
जिला कलक्टर ने परीक्षा संचालन के लिए उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा की महत्ता को देखते हुए पारदर्शिता, अनुचित साधनों का प्रयोग व नकल आदि की रोकथाम के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि फ्रिस्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूर्ण गंभीरता एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी
तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा इस परीक्षा में प्रशासन पुलिस एवं शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूर्ण करना है। उन्होंने ऑब्जर्वर को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अगर कोई समस्या होती है तो उसका निदान अपने स्तर पर करें और आवश्यकता पड़ने पर बिना वक्त गवाए सीधा प्रशासन एवं पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन के लिए बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। प्रश्न पत्र प्राप्त करने, इन्हें सुरक्षित रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए और कडी निगरानी रखी जाए। अभ्यर्थी निर्धारित समय पर केन्द्र में प्रवेश करें और तय समय तक अंदर ही रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। हर स्तर पर निगरानी की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक शहर शरद चौधरी ने कहा कि पुलिस पर अभ्यर्थियों एवं परीक्षा में लगे कार्मिकों की तलाशी की अहम जिम्मेदारी है जिसको वह गंभीरता से निभाएं। उन्होंने बताया फ्रिस्किंग के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा तलाशी से पूर्ण रूप से संतुष्ट होने के उपरांत ही अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी जाएगी ताकि कोई भी अभ्यर्थी किसी भी माध्यम से कोई भी नकल से संबंधित उपकरण परीक्षा केंद्र में ना ले जा सके।
परीक्षा केंद्र में सावधानी के मुख्य बिंदु-
सुबह 9 बजे के उपरांत अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हर तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर, घड़ी इत्यादि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थी ड्रेस कोड की पालना सुनिश्चित करें। परीक्षार्थी को सामान्य गरम कपड़े पहन कर आने की अनुमति होगी।
परीक्षा समन्वयक एडीएम बृजमोहन बैरवा ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर जिन अधिकारी एवं कार्मिकों की ड्यूटी लगी है उनको भी किसी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा प्रक्रिया में लगे समस्त अधिकारी एवं कार्मिकों को परीक्षा निर्देशिका भी प्रदान की गई है जिसमें परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं प्रत्येक बात को विस्तार पूर्ण तरीके से बताया गया है। उन्होंने बताया कि कोटा में 12873 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे जिनके लिए 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 32 सरकारी एवं 13 निजी संस्थान को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण की वीडियोग्राफी की जाएगी एवं प्रत्येक केंद्र पर दो वीडियोग्राफर नियुक्त किए गए हैं जो परीक्षा सामग्री से लेकर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड से चेहरे के मिलान तक की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करेंगे।
प्रशिक्षण में एडीएम प्रशासन भगवत सिंह राठौड़, एडिशनल एसपी, जिला शिक्षा अधिकारी केके शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।