स्वायत्त शासन मंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा प्रभावित परिवारों के खातों में त्वरित मिलेगी सहायता राशि-स्वायत्त शासन मंत्री

कोटा ( शिवकुमार शर्मा ) स्वायत्त शासन मंत्री शाति धारीवाल ने कहा कि राज्य सरकार संकल्पबद्ध होकर अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। सोमवार तक सभी पीडित परिवारों के बैंक खाते में मुवावजे की राशि जमा करवा दी जायेगी।
स्वायत्त शासन मंत्री शनिवार को जिले के इटावा ब्लॉक में बाढ़ प्रभावित गांवों में नुकसान का जायजा लेते समय आम नागरिकों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत कार्य के साथ ही नुकसान का सर्वे कर सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिये गये थे। सभी गांवों में सर्वे के आधार पर आवास क्षतिग्रस्त का मुवावजा सीधे बैंक खाते में प्रदान कर दिया जायेगा। फसलों के नुकसान का आकलंन करने के लिए विशेष गिरदावरी की जा रही है जिसके आधार पर फसल बीमा योजना में भी नुकसान की भरपाई की जायेगी।
उन्होंने गांवों में नुकसान का मौके पर जाकर जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि दुखः की घडी में सरकार आपके साथ है, भोजन एवं आवास की समस्या नहीं रहने दी जायेगी। सभी परिवारों का पारदर्शिता से सर्वे करवाकर कानूनी तौर पर मुवावजा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सर्वे में यदि कोई प्रभावित परिवार वंचित रह जाये तो संबन्धित तहसीलदार अथवा उपखण्ड अधिकारी को सूचना दे सकते है। उनके नुकसान का सर्वे कर सहायता प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से बडे स्तर पर आवास एवं फसलों को नुकसान हुआ है इसकी रिर्पोट बनाकर केन्द्र सरकार को भी भेजा जायेगा जिससे आपदा राहत नियमों के तहत अतिरिक्त मदद मिल सके।
स्वायत्त शासन मंत्री ने ग्राम खातोली में नुकसान का जायजा लिया यहां 302 कच्चे तथा 32 पक्के आवास क्षतिग्रस्त हुए थे, ऐसे सभी परिवारों को उन्होंने सोमवार तक राहत राशि को बैंक खातों में जमा कराने के निर्देश दिये। ग्राम सन्मानपुरा के विद्यालय में जाकर उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा नुकसान की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से रामफूल एवं सीयाराम को 95100-95100 रूपये की सहायता राशि के चैक प्रदान किये। सन्मानपुरा में 45 आवास पूर्ण क्षतिग्रस्त एवं 90 आवास आंशिक क्षतिग्रस्त हुए थे। ग्राम बोरदा में हुए नुकसान का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि सभी क्षतिग्रस्त आवासों का मुवावजा दिलाया जाये, प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा जरूरत पडने तक भोजन आवास की सुविधा दी जायेगी। यहां 126 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए थे, वहीं 171 आवास आंशिक क्षतिग्रस्त हुए थे। उन्होंने गावं के सांवललाल, रामचन्द्र एवं भरासी बाई को 95100-95100 रूपये राशि के चैक प्रतिकात्मक रूप से प्रदान कर सभी प्रभावित परिवारों के बैंक खाते में सोमवार को राशि जमा करवाने के निर्देश दिये।
क्षेत्र में 255 करोड़ से होंगे विकास कार्य-
स्वायत्त शासन मंत्री ने खातौली में ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि सार्वजनिक सम्पत्तियों के नुकसान को जल्दी रिपेयर किया जायेगा तथा भविष्य में समस्या नहीं हो इसको ध्यान में रखकर विकास कार्य किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि ग्राम झरेल के बालाजी में 165 करोड़ रूपये की लागत से उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण कराया किया जा रहा है। चम्बल ढिबरी से इन्द्रगढ वाया इटावा तक 50 करोड़ की लागत से स्टेट हाईवे का निर्माण तथा गोठडा से इन्द्रगढ तक सड़क निर्माण पर 40 करोड़ रूपये व्यय किये जायेंगे। इस अवसर पर जिला कलक्टर उज्ज्वल राठौड़, महापौर कोटा उत्तर मंजू मेहरा, दक्षिण राजीव अग्रवाल, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, समाजसेवी अमित धारीवाल सहित जनप्रतिनिधिगण एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं उपखण्ड के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।