‘स्वस्थ राष्ट्र विकसित राष्ट्र’ के निर्माण में आयुर्वेद महती भूमिका- पूर्व विधायक अशोक डोगरा
- पंचकर्म विशिष्टता केन्द्र में आयोजित शिविर में पूर्व विधायक ने रोगियों से लिया फीडबैक
बूंदी, 22 जनवरी। आयुर्वेद चिकित्सालय बूंदी के पंचकर्म विशिष्टता केन्द्र में सोमवार को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प विजन 2047 के तहत ‘स्वस्थ राष्ट्र विकसित राष्ट्र’ विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी का शुभारंभ पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने आरोग्य भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान उन्होंने आमजन को भगवान रामलला विराजमान की प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के तहत ‘स्वस्थ राष्ट्र विकसित राष्ट्र’ के निर्माण में आयुर्वेद की महती भूमिका है। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता प्रपत्रों का विमोचन भी किया। साथ ही पंचकर्म चिकित्सा शिविर में उपचार करवा रहे रोगियों से फीडबैक भी लिया।
पीएमओ व पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुशवाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर साकार करने में पंचकर्म विशिष्टता केंद्र बूंदी द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि पंचकर्म विशिष्टता केंद्र बूंदी में पिछले 51 महीनों में देश के 11 राज्यों के 49 जिलों के 48000 से अधिक जटिल - कष्टसाध्य रोगियों का तथा मेडिकोट्यूरिज्म के तहत 26 देशों के 257 रोगियों का उपचार किया जा चुका है तथा विश्वस्तरीय पंचकर्म चिकित्सा सुविधाएं व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए बूंदी में पंचकर्म एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव आयुर्वेद निदेशालय के द्वारा राज्य सरकार को भिजवाये जा चुके हैं।