भारत के लिए बुरी खबर, नीरज चोपड़ा ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों नाम वापिस लिया

जयपुर। आगामी बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारत के लिए एक बड़ा झटका लगा है। ओलंपिक चैंपियन और विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने गुरुवार से बर्मिंघम में शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से नाम वापस ले लिया है।

दरअसल गत राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन चोपड़ा शनिवार को अमेरिका के यूजीन में विश्व चैम्पियनशिप फाइनल के दौरान चोटिल हो गये। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के महासचिव राजीव मेहता के अनुसार, अगले दिन उनका एमआरआई स्कैन कराया गया और बाद में डॉक्टरों ने उन्हें एक महीने के आराम की सलाह दी।

मेहता ने बताया कि “मुझे आज सुबह भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा सूचित किया गया कि नीरज 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं। उनकी कमर में चोट लग गई थी और स्कैन के बाद उन्हें एक महीने के लिए आराम करने के लिए कहा गया है।

24 वर्षीय एथलीट को गुरुवार के उद्घाटन समारोह के दौरान भारत का ध्वजवाहक बनना था। मेहता ने कहा कि नए ध्वजवाहक पर फैसला आईओए के अन्य पदाधिकारियों के परामर्श से जल्द ही लिया जाएगा।
चोपड़ा ने शनिवार के फाइनल के बाद कहा था, जहां उन्होंने रजत पदक जीता था, कि जब उनका शरीर ठंडा हो जाएगा तो वह अपनी चोट की सीमा का अनुमान लगा पाएंगे और उन्होंने संकेत दिया था कि वह राष्ट्रमंडल खेलों के मुकाबले कोई जोखिम नहीं लेंगे।

चोपड़ा की गैरमौजूदगी में डीपी मनु और रोहित यादव पोडियम पर पहुंचने की कोशिश करेंगे। हालांकि, पीटर्स, विश्व चैंपियन और 2012 ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वालकॉट की उपस्थिति के कारण यह आसान नहीं होगा।