भारतीय टीम को बड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह टी20 विश्व कप से हुए बाहर

जयपुर। आगामी टी 20 विश्वकप 2022 से पहले भारतीय टीम को बडा झटका लगा है। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण टीम से बहार हो गये हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई सूत्रों का हवाला देते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया में आगामी आईसीसी टी 20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने की भारत की उम्मीदों के लिए एक बड़ा झटका है। बुमराह बुधवार को तिरुवनंतपुरम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की श्रृंखला के पहले मैच से हट गए।
बीसीसीआई ने ग्रीनफील्ड स्टेडियम में टॉस से कुछ मिनट पहले बुमराह के चोटिल होने की जानकारी दी थी। बीसीसीआई ने ट्वीट किया, "जसप्रीत बुमराह ने मंगलवार को भारत के अभ्यास सत्र के दौरान पीठ दर्द की शिकायत की। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनका आकलन किया। वह पहले टी20 मैच से बाहर हो गए हैं।"
बता दें की बुमराह, जो अपनी पीठ की समस्या के कारण एशिया कप में भी नहीं खेल पाए थे और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे थे, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैच खेले।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, बुमराह निश्चित तौर पर विश्व टी20 नहीं खेलेंगे। उनकी पीठ की गंभीर स्थिति है। यह स्ट्रेस फ्रैक्चर है और वह छह महीने के लिए बाहर हो सकते हैं। भारत के पास टी20 विश्व कप के लिए स्टैंडबाय सूची में मोहम्मद शमी और दीपक चाहर जैसे खिलाड़ी हैं और उनमें से एक को अब मुख्य टीम में शामिल किया जा सकता है। चाहर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में अच्छा प्रदर्शन किया और अपने बेहतर बल्लेबाजी कौशल के कारण शमी से आगे निकल सकते हैं।