शत्-प्रतिशत मतदान के लिए अभियान

कोटा 2 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव 2023 में शत्-प्रतिशत मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना ने समस्त विभागों को प्रत्येक मतदाता के घर-घर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र में वोट की शक्ति के महत्व को बताना है। स्वीप कार्यक्रम के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कच्ची बस्तियों में मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे दीवारों पर लिखवाये गए एवं मदर चाइल्ड हेल्थ न्यूट्रिशन डे के मौके पर सभी बच्चों के परिजनों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई एवं अन्य सभी मरीजों को मतदान करने का संकल्प दिलवाया गया।


स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवाड़ी ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को अपने आस-पड़ोस एवं परिवार के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई। दुग्ध समितियों द्वारा भी कर्मचारी एवं ग्राहकों तक मतदान के महत्व का संदेश पहुंचाया गया। राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय ने जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों पर साइकिल रैली के माध्यम से, गोबरिया बावड़ी में चौपाल के माध्यम से एवं प्रमुख चौराहों पर जागरूकता अभियान संबंधी पोस्टर के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय की प्राचार्या ने 12 किलोमीटर साइकलिंग कर मतदाताओं को जागरूक किया। एलजेब्रा कॉलेज द्वारा विभिन्न गली, मोहल्ले में जाकर मतदाताओं को उनके वोट के महत्व की जानकारी दी एवं लोकतंत्र में उनकी भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। राजकीय आईटीआई खैराबाद द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया गया एवं घटोत्कच चौराहे पर मानव श्रृंखला के माध्यम से लोकतंत्र में वोट की शक्ति का संदेश दिया गया।

सहकारी समितियों द्वारा भी किसानों एवं आमजनों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।  गवर्नमेंट महिला आईटीआई द्वारा विभिन्न गतिविधियों से मतदाताओं को जागरूक किया गया। रानपुर इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे विभिन्न फैक्ट्री जैसे स्टोन, शिपर्स, ऑनेस्ट आदि में कर्मचारियों के बीच जाकर मतदान के महत्व को बताया और मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश की जानकारी भी दी। राजकीय कला कन्या महाविद्यालय द्वारा संगीतमयी प्रस्तुति के माध्यम से मतदाताओं से मतदान के लिए अपील की गई।

संकल्प पत्र भरवाए, शपथ दिलाई-
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत गुरूवार को सूचना प्रौ़द्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा श्रीनाथ कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट महावीर नगर एक्सटेंशन में अतिरिक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग मुकेश विजय की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संस्थान के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

अतिरिक्त निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया एवं सिटीजन एप्लीकेशन्स की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी और एप डाउनलोड करवाए। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मतदान संकल्प पत्र भरवाए व मतदान की शपथ दिलवाई।