साइबर की दुनिया में सावधानी है बहुत जरूरी, मोबाइल अनुशासन का करें पालन

-आत्मरक्षा व साइबर सुरक्षा का जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित


बूंदी। राजकीय महाविद्यालय तालेड़ा में छात्रा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम  के अंतिम दिवस महिला आत्म रक्षा और साइबर सुरक्षा के विभिन्न आयामों पर  जागरूकता कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ बृज किशोर शर्मा की अध्यक्षता तथा श्री नरेन्द्र पारीक पुलिस उप अधीक्षक बूंदी के मुख्य आतिथ्य में किया गया।।  कार्यशाला में साइबर पीस फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर  लोकेश जैन, उमंग संस्थान सचिव व सहायक आचार्य कृष्ण कान्त राठौर तथा निर्भया स्क्वायड की मोनू कंवर मुख्य वक्ता रहे।

कार्यशाला में पुलिस उप अधीक्षक पारीक ने छात्राओं को घर, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वयं सुरक्षा की चुनौतियों को इंगित करते हुए इनसे सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। निर्भया स्क्वायड की मोनू कंवर ने आत्मरक्षा की सरल तकनीकों का प्रायोगिक अभ्यास करवाया।

साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूकता
लगातार बढ़ते सायबर फ्रॉड व सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से  आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए मास्टर ट्रेनर लोकेश कुमार जैन ने लैपटॉप, मोबाइल व डिजिटल माध्यमों से प्रायोगिक रूप में साइबर सिक्योरिटी के तरीकों से विस्तार से रूबरू करवाया गया। जैन ने संभागियों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड व साइबर क्राइम के विविध आयामों से अवगत कराया जिसमे हैकिंग, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, स्पैम ईमेल, रैनसमवेयर, ऑनलाइन ब्लैकमेल एवं अन्य अपराध शामिल है। संगोष्ठी के दौरान सहायक आचार्य कृष्ण कान्त राठौर ने स्वस्थ जीवन शैली अपनाते हुए महिने में एक दिन इंटरनेट से परहेज कर मोबाइल व्रत का पालन करने की बात कही, ताकि स्वस्थ व सामाजिक जीवन अपना सकें।

प्राचार्य डॉ. बी के शर्मा द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ वंदना शर्मा ने किया।