शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
विगत दिनों जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि के दौरान केशोरायपाटन में मकान ढहने के हादसे के पीड़ित शेष बचे परिवार के एकमात्र सदस्य नाबालिग सूरज को जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता ने मुख्यमंत्री सहायता कोष एवं एसडीआरएफ एनडीआरएफ प्रावधानों के अनुसार 25 लाख रुपये की एफडी सौंपी। जिला कलेक्टर ने एफडी प्रमाण पत्र सूरज को सौंपते उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने सूरज की शिक्षा के बारे में जानकारी ली और मार्गदर्शन दिया।उन्होंने बताया कि सूरज के 18 वर्ष के हो जाने पर यह एफडी परिपक्व होगी । सूरज की दादी नटी बाई ने आवास की समस्या बताई जिस पर कलेक्टर ने कहा कि आवास के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के स्तर पर निर्णय होना है। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या आए तो उन्हें अवगत कराएं, पूरी मदद की जाएगी। सूरज की दादी नटी बाई ने कहा कि राज्य सरकार ने बड़ी मदद की है। इससे उन्हें बहुत बड़ा सहारा मिला है।
उल्लेखनीय है कि केशोरायपाटन में अतिवृष्टि के कारण मकान ढहने से महेंद्र कीर,पत्नी अनीता,पुत्री खुशी,दीपिका एवं कृष्णा की मृत्यु हो गई थी। 9 वर्षीय पुत्र सूरज ही इस परिवार में शेष रहा है जो अब अपनी दादी नटी बाई के संरक्षण में है।