जिला कलेक्टर ने किया जैतसागर नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण

 सफाई कार्य को लेकर जताई नाराजगी, आयुक्त को तीन दिन में कार्य को पूरा करने के निर्देश

संवाददाता भवानी शंकर
बूंदी राजस्थान

बूंदी, 12 जून। जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने रविवार को नगर परिषद द्वारा करवाए जा रहे जैतसागर नाले की सफाई के कार्य का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण। उन्होंने किए जा रहे सफाई कार्य के प्रति नाराजगी जताई और आयुक्त को निर्देश दिए कि आने वाले तीन दिन में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कर लें।
नाले से निकला कचरा तुरंत दूसरी जगह डलवाएं नाले की सफाई के दौरान निकले कचरे के ढेर किनारे पर लगाने को लेकर जिला कलक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने आयुक्त और सफाई कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि नाले से निकाला गया कचरा तुरंत दूसरी जगह डलवाया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई के लिए एक और एलएनटी लगाकर सफाई के कार्य की गति बढाई जाए। इसके अलावा नाले की गहराई बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
उन्हांेने निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाया जावे। कचरा पाइंट से कचरा समय पर उठे और कचरे के ढेर नजर नहीं आने चाहिए। इस दौरान उन्होंने मीरागेट क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था देखी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी स्कीम के तहत मींरागेट, बहादुर सिंह सर्किल एवं अहिंसा सर्किल में सफाई एवं अन्य रंग रोगन संबंधी कार्य करवाकर इनको खूबसूरती प्रदान की जावे। उन्होंने बताया कि इसके लिए मीरांगेट दरवाजे पर चित्रकारी भी करवाई जावे। इसके अलावा योजना के तहत शमशान एवं कब्रिस्तान में प्लांटेशन के कार्य करवाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के तहत जिला मुख्यालय पर स्थित बडे़ कार्यालयों की दीवारों के बाहर पौधरोपण के कार्य भी योजना में कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) एयू खान, नगर परिषद आयुक्त महावीर सिंह सिसोदिया भी साथ रहे।