जिला कलक्टर ने किया रामगंजमंडी में विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण

कोटा 8 फरवरी। उपखंड क्षेत्र रामगंजमंडी में जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने गुरूवार को विभिन्न कार्यालयों, उपक्रमों का निरीक्षण किया गया। जिला कलक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों को राज्य सरकार से जारी आदेशो, निर्देशों की पालना में कार्यालय समय में निर्धारित समय से उपस्थित होने, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण किये जाने, कार्यालय एवं कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य कार्य सरकार की मंशानुरूप संपादित किये जाने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने नगरपालिका द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यों, सरकारी योजनाओं की क्रियान्विति की अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका रामगंजमंडी से जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय प्रणाली को सुधारे जाने के लिए अधिशाषी अधिकारी को निर्देशित किया। सभी कार्मिकों को अपनी डेस्क पर नाम, पदनाम एवं संपादित किये जाने वाले कार्यों का विवरण चस्पा किये जाने के लिए निर्देशित किया, जिससे कि आमजन को परेशानियों का सामना ना करना पडे। अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका रामगंजमंडी को निर्धारित समयावधि में प्राप्त परिवादों, शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। साथ ही नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई, रोड लाईट एवं भौतिक सुविधाओं में सरकार की मंशानुरूप कार्य संपादित किये जाने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने मंगलम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगंजमंडी का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के वार्डों में आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से बातचीत की। मौके पर मौजूद चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं सीएचसी प्रभारी को अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधानुसार कार्य योजना बनाया जाकर कार्य संपादन के लिए निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी अनिल कुमार सिंघल, अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका दीपक नागर, चेयरमेन नगरपालिका देवीलाल सैनी, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वा. अधिकारी डॉ रईस खान, तहसीलदार चेचट यादवेन्द्र यादव सहित उपखंड स्तरीय विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।