मानस कार्यक्रम मंे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे जिला कलक्टर

मानस कार्यक्रम मंे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे जिला कलक्टर

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान

  • बच्चों से प्रश्न पूछे, सफलता के सूत्र बताए
    बून्दी, 27 सितम्बर। विद्यार्थियों में तनाव व अवसाद दूर करने, नैतिक शिक्षा, सामाजिक समरसता, करियर निर्देशन, आत्मबल प्रदान करने तथा उन्हें मादक पदार्थाे से दूर रखने के उद्देश्य से जिले के महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में ‘मानस’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी कड़ी में मंगलवार का इमानुएल स्कूल में ‘मानस’ कार्यक्रम आयोजित कर 9वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहने की कला सिखाई गई।
    जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी भी कार्यक्रम में बच्चों के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से उनकी समस्याएं और उनके प्रश्न कागज पर लिखवाए। विद्यार्थियों ने जिला कलक्टर से सफलता के सूत्र, एकाग्रता, बून्दी के विकास, खेलकूद सुविधा विकास आदि के सम्बन्ध में सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब देकर बच्चों की जिज्ञासाओं को शान्त किया।
    कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर करतार सिंह ने छात्राओं को प्रेरणास्पद उद्बोधन देते हुए बताया कि वर्तमान में छात्र जीवन अभिभावकों की महत्वाकांक्षाओं के कारण भी तनावग्रस्त हो गया। इसलिए नियमित योग प्राणायाम, मेडिटेशन, व्यायाम आदि द्वारा शरीर स्वस्थ रखते हुए नियमित रूप से अध्ययन करें। विद्यार्थियों में प्रतिभाओं के क्षेत्र अलग-अलग होते है। क्षमता व रूचि के अनुसार क्षेत्र चुनकर निरन्तर उसी लक्ष्य पर कार्य करें तो सफलता निश्चित प्राप्त होगी।
    हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेन्टर जोनल कॉर्डनेटर सौरभ मिश्रा द्वारा कार्यक्रम के प्रारम्भ में मोटिवेशनल व्याख्यान देकर बच्चों को अत्यधिक मोबाइल उपयोग से बचने व अपनी क्षमताओं को पहचानने पर जोर दिया। हार्टफुलनेस मेडिटेशन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान में तनाव जीवन का आम हिस्सा बन चुका है। नकारात्मक सोच के कारण तनाव उत्पन्न होता है। विद्यार्थियों में तनाव के कारण चिडचिड़ापन, आलस्य, अनिद्रा आदि लक्षण उत्पन्न होते है। अतः विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचान कर रूचि के अनुसार नियमित अध्ययन करना चाहिए। नियमित रूप से मेडिटेशन करने से तनाव दूर किया जा सकता है। इस अवसर पर चॉदनी वरयानी व नीलू राजानी ने हार्टफुलनेस मेडिटेशन व रिलेक्सैशन करवाया।
    पंड़ित बृजसुंदर सामान्य चिकित्सालय के मनोचिकित्सक डॉ. मोहम्मद जावेद ने तनाव के कारण तथा तनाव होने पर उससे बचाव के उपायों के बारे में बताया। उन्होंन बहुत ही सरल व सटीक उदाहरणों से तनाव रहित जीवन जीने की कला के बारे में बताया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश राठौर ने नैतिक शिक्षा तथा मादक पदार्थाे से बचाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि मन में सकारात्मक सोच रखते हुए नियमित अध्ययन करें।ऐसे कार्य करे जो मन की शान्ति के साथ-साथ समाज हितार्थ हो। शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए मादक द्रव्य से दूर रहें। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के प्रबन्धक अलेक्स सैम ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।