नहरों में जल प्रवाह की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करें- जिला कलक्टर
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
बूंदी, 27 सितंबर। आगामी माह में नहरों में पानी छोड़े जाने के संबंध में नहरों की साफ सफाई, टूटफूट की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें नहरों में जल प्रवाह को लेकर की गई तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलक्टर ने सीएडी नहरों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि नहरों की साफ सफाई एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ कराए जाए, ताकि टेल क्षेत्र तक किसानों के खेतों में नहरी पानी की पहुंच आसानी से हो सके। जिन बिन्दुओं पर सुधार की जरूरत है, उन्हें अभी से तय कर ठीक कर लिया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों की मरम्मत का कार्य समय से पूरा कर लिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों की सफाई के बाद झाडियां और मिट्टी नहर के किनारे नहीं डालकर अन्यत्र स्थान पर डलवाई जाए। नहरों में जल प्रवाह के दौरान नहर तोड़ने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जावे। उन्होंने कहा कि नहरों में जल प्रवाह संबंधी तैयारियों को लेकर किसी तरह का कम्युनिकेशन गेप नहीं रहे और इसकी डेली मॉनिटरिंग भी हो।
मरम्मत कार्यों का करें निरीक्षण
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कार्य योजना बनाकर नहरांे की मरम्मत व सफाई के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करवाया जावे। निरीक्षण के प्रतिदिन लक्ष्य तय किए जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अवधि में क्षेत्रवार निरीक्षण दल बनाकर निरीक्षण कराया जावे। निरीक्षण रिपोर्ट में जीओ टेगिंग व टाईम टैग भी उपलब्ध रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि इस दौरान किसानों से भी बातचीत की जावे। उनकी कोई समस्या हो तो उसे भी जाने। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में पंचायत स्तर से यदि किसी मदद की जरूरत हो तो उससे अवगत कराया जाए। इस कार्य को गंभीरता के साथ किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) एयू खान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, उपखण्ड अधिकारी बूंदी हेमराज परिडवाल, केशवरायपाटन बलवीर सिंह, उपखण्ड अधिकारी तालेडा एवं सीएडी के अधिकारी मौजूद रहे।