जिला निर्वाचन अधिकारी ने मनिहारा महादेव मंदिर परिसर में दिलाई मतदान की शपथ
-स्वीप कार्यक्रम के तहत गीत, रंगोली एवं दीपदान कर जगाई मतदान की अलख
बारां, 9 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मनिहार महादेव मंदिर परिसर में शाम को स्वीप अंतर्गत मतदाता जागरूकता रंगोली एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने वोट की आकृति में दीप श्रृंखला को विसर्जित कर मतदान का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्यक्रम मंे उपस्थित सभी मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, शांतिपूर्ण, ईमानदारी से निर्भीक होकर धर्म, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोबन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। सभी मतदाता जागरूक होकर इस त्योहार को मनाए। मतदान के माध्यम से हम स्वयं हमारे भविष्य को सुरक्षित बनाते है इसलिए मतदान करे और दूसरे लोगों केा भी मतदान के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में सबसे पहले मतदान जागरूकता के लिए स्वीप दल सदस्य राजेंद्र गौतम ने निर्वाचन गीत गाकर सबका ध्यान आकर्षित किया। साथ ही मतदाता जागरूकता गीत पर सहरिया कन्या छात्रावास की बालिकाओं द्वारा नृत्य कर मतदान के महत्व को समझाया।
दीपदान के बाद आकर्षक रंगोली के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया। चुनरी की पारंपरिक वेशभूषा में महिला मतदाताओं ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं मतदाता जागरूकता पर निर्वाचन के ऑनलाइन एप्लीकेशंस को रंगोली के माध्यम से दर्शाते हुए मतदाताओं को मतदान करने का संदेश दिया गया। वहीं सहरिया कन्या छात्रावास की बालिकाओं ने मतदाता जागरूकता के संदेशों को रंगोली के माध्यम से दर्शाकर मतदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम जब्बर सिंह, सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप हरीशचंद्र मीणा, एसडीएम सुश्री पूजा मीणा, उपनिदेशक मोहिनी पाठक, डीईओ पीयूष कुमार शर्मा, जेईएन मानसिंह मीणा, सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव, स्वीप सदस्य जितेंद्र कुमार मीणा, रघुवीर प्रसाद मीणा सहित मंदिर परिसर में महिला मतदाता एवं अन्य मौजूद रहे।