कोटा ( शिवकुमार शर्मा ) यातायात सलाहकार समिति की जिला स्तरीय बैठक जिला कलक्टर उज्ज्वल राठौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को टैगोर सभागार में आयोजित की गई। जिसमें विधायक सांगोद भरतसिंह कुन्दनपुर, विधायक इटावा रामनारायण मीणा सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में दुर्घटना रहित सुगम यातायात के लिए सभी विभाग आपसी समन्यवय से कार्य कर सुधारात्मक कदम उठाते हुए समिति द्वारा दिये गये सुझावों पर समय पर अमल करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी दुर्घटना सम्भावित क्षेत्र हैं उनकी कमियों को समय पर दुरूस्त करें जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने जिले में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों के रिपेयर कार्य को समय पर कराने के लिए नगर निगम, नगर विकास न्यास को शहरी क्षेत्र में तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग व एनएचआई को ग्रामीण क्षेत्रों में निरन्तर कार्य जारी रखने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने शहर में विभिन्न मार्गों पर दिशा सूचक बोर्डों, गैंन्ट्री आदि पर पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम एवं नगर विकास न्यास को सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहर में नो पार्किंग जोन में खडे रहने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करने, सभी विभागों को सड़क किनारे की राजकीय स्वामित्व वाले स्थानों पर अपने विभाग का स्वामित्व का बोर्ड लगाने के निर्देश दिये ताकि अतिक्रमण नहीं हो।
विधायक भरतसिंह ने कहा कि शहर में दिशा सूचक बोर्डों पर अवैध फ्लैक्स लगाने वाले लोगों को चिन्हित कर जिस व्यक्ति से सम्बन्धित बधाई लगाई गई है उसे भी नोटिस जारी करने का सुझाव दिया। उन्होंने दुर्घटना रोकने के लिए शहर की खतिग्रस्त सड़कों की शीघ्रता से मरम्मत करवाने, आवारा जानवरों, कुत्तों को पकड़वाने का सुझाव दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में हाइवे पर अवैध कट को बन्द करवाने तथा डिवाइडर के कर्व की उंचाई बढाने के निर्देश दिये।
विधायक रामनारायण मीणा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समन्वित प्रयास किये जावे। राजमार्गो के किनारे हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रभावी कार्यवाही कर स्वामित्व का बोर्ड लगाये। उन्होंने इटावा बाइपास पर गैंता रोड़ के समीप अतिक्रमण के कारण हो रही दुर्घटना रोकने के लिए शीघ्र अतिक्रमण हटाने का सुझाव दिया। उन्होंने चम्बल हैगिंग ब्रिज पर बने अवैध टोल प्लाजा पर रोक लगाने तथा सड़क क्षतिग्रस्त होने पर टोल नहीं लेने का सुझाव दिया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कुसुम राठौड़ ने पिछली बैठक में लिए गये निर्णयों की पालना के बारे में बताते हुए कहा कि दुर्घटनाओें संभावित स्थानों को चिन्हित कर सुधारात्मक कदम उठाये जा रहे है। उन्होंने बताया कि लोक परिवहन बसों के ठहराव के लिए स्थान चिन्हत किया जा रहा है जिससे आवागमन प्रभावित नहीं हो।
आयुक्त नगर निगम कोटा दक्षिण कीर्ति राठौड़ ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों के लिए कत्ताशाला का निर्माण कर लिया गया है जिसमें शीघ्र कार्य शुरू किया जायेगा। उन्होंने सड़कों की मरम्मत एवं अवैध फ्लैक्स के खिलाफ की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर प्रवीण जैन, मुख्यालय राजेश मील, उपायुक्त नगर निगम एचडी सिंह, उप सचिव नगर निगम मोहनलाल प्रतिहार, एसई सार्वजनिक निर्माण विभाग राजेश सोनी, सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ये आये सुझाव-
-शहर में मल्टीपरपज स्कूल में बनी पार्किंग को शीघ्र शुरू करवाया जाये जिससे रामुपरा एवं आस पास के क्षेत्र में समस्या समाप्त हो सके।
-शहर में नो एन्ट्री जोन आने वाले वाहन केवल वे ही आये जाये जिनको शहर में आना आवश्यक हो।
-पुराने रोडवेज स्टेण्ड के आस पास एवं विवेकानन्द चौराहे से चम्बल पुल तक वाहनों को पार्किग नहीं करने दिया जाये।
-दुर्घटना के स्थानों को चिन्हित कर उनके कारणों को पता लगाकर उस समस्या का निराकरण किया जावे।
-शहर में अवैध चलने वाले ट्रक्टर-ट्रोली के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जाकर व्यवसायिक लाइसेंस नहीं होने पर चालान किया जावे तथा रोक लगाई जावे।
-सड़क किनारे की राजकीय सम्पत्तियों पर सभी विभाग स्वामित्व के बोर्ड लगवाये।