डीआरएम ने कोटा-विक्रमगढ़ आलोट खण्ड पर स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण

कोटा। मंडल रेल प्रबंधक मनीष तिवारी ने कोटा-विक्रमगढ़ आलोट खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। डीआरएम के साथ निरीक्षण में संबंधित विभाग के शाखा अधिकारी तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहे। डीआरएम ने कोटा-विक्रमगढ़ आलोट सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान गाड़ी संचालन से जुड़े सभी संरक्षा मानकों, ट्रैक, ब्रिजों, ओएचई एवं समपार फाटको का अवलोकन किया। साथ ही उक्त खण्ड के रामगंजमंडी, भवानी मंडी, गरोठ, शामगढ़, चौमहला एवं विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यो की प्रगति का जायजा लिया।

उल्लेखनीय है कि मंडल के 17 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 356.85 करोड़ की लागत से विकास किया जा रहा है जिसमें रामगंजमंडी 27.78 करोड़, भवानी मंडी 24.05 करोड़, गरोठ 19.16 करोड़, शामगढ़ 21.55 करोड़, चौमहला 16.39 करोड़ एवं विक्रमगढ़ आलोट 18.92 करोड़ की लागत से उक्त स्टेशनों का कायाकल्प करने एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करने हेतु स्टेशन विकास कार्य किया जा रहा है।

डीआरएम ने उक्त 6 स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के मॉडल एवं ले-आउट प्लान के सभी पहलुओं के अनुसार निर्माण कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा स्टेशन पर हो रहे आधारभूत संरचनाओं के विकास की कार्ययोजना के बारे में बताया। उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं पुर्नविकास कार्यों में तीव्रता एवं गुणवत्ता के साथ नियत समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उक्त स्टेशनों पर निर्माण कार्य उन्नत यात्री सुविधाओं के साथ स्टेशन कायाकल्प किया जा रहा है।
     
इस दौरान डीआरएम के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित मालवीय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) संजय यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(स्टेशन डेवलपमेंट) रितु राज शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विनोद कुमार मीना, वरिष्ठ मंडल विधुत इंजीनियर (टीआरडी) एम.एस.मीना, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) एकता मीमरौठ एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त ए नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।