नशे में धुत आदमी ने दिल्ली हवाई अड्डे के प्रस्थान गेट पर किया पेशाब, गिरफ्तारी के बाद रिहा

दिल्ली। पुलिस ने बुधवार को यहां आईजीआई हवाई अड्डे पर टर्मिनल -3 के प्रस्थान क्षेत्र में एक गेट पर पेशाब करने के आरोप में एक 39 वर्षीय शराबी व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि रविवार शाम की घटना के बाद गिरफ्तार किए गए बिहार निवासी जौहर अली खान को बाद में उसी दिन जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 के प्रस्थान क्षेत्र के गेट नंबर-6 पर एक व्यक्ति ने सरेआम पेशाब कर दिया। पुलिस के अनुसार, खान नशे की हालत में लग रहे थे, उन्होंने एक सार्वजनिक स्थान पर चिल्लाकर और अन्य लोगों को गाली देकर हंगामा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें सऊदी अरब के दम्मम के लिए रवाना होना था।

पुलिस उपायुक्त (हवाईअड्डा) रवि कुमार सिंह ने कहा कि खान की सफदरजंग अस्पताल में जांच की गई और पाया गया कि उसने शराब का सेवन किया था।

आईजीआई हवाई अड्डे पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 294 (अश्लील हरकतें और गाने) और 510 (शराबी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार) के तहत मामला दर्ज किया गया और खान को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी ने कहा कि बाद में उन्हें जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
याद दिला दें कि इससे पहले, पिछले साल 26 नवंबर को न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट की बिजनेस क्लास में एक नशे में धुत व्यक्ति ने कथित तौर पर एक महिला सह-यात्री पर नशे की हालत में पेशाब किया था। महिला द्वारा एयर इंडिया को दी गई शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने 4 जनवरी को उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और शनिवार को उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था। बाद में एक अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।