ई-श्रम योजना में पात्रों व्यक्तियों को दिलाएं अधिकाधिक लाभ -जिला कलेक्टर

- जिला कलक्टर ने की विभिन्न योजनाओं प्रगति की समीक्षा


बूंदी, 19 फरवरी। पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारियों संबंधी साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों में भू आवंटन संबंधी प्रकरण लंबित है, उनके संबंध में विभागगीय अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा विभाग, भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करें।  

उन्होंने सीएडी अधिकारियों को निर्देश दिए किसानों की फसलों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध हो, सिंचाई का कार्य किसी भी तरह प्रभावित न हो। इसकी बेहतर मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा किसानों से भी समय पर वार्ता करें। प्रधानमंत्री श्रम योगी योजना का पात्र लोगों को लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि मनरेगा, राजीविका, पशुपालन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग में कार्य करने वाले श्रमिकों का ई श्रमिक पंजीकरण करवाया जावे। उन्होंने ई-श्रमिक पंजीयन में अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए जिला परिषद के सहयोग से ग्राम पंचायतों में भी शिविर आयोजन के लिए कार्य योजना बनाएं। साथ ही पालनहार योजना के लाभ से कोई भी पात्र वंचित नहीं रहे, इसकी बेहतर मॉनिटरिंग की जावे।

जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के लक्ष्यों की शत प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि विभाग व पशुपालन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पीएम आदर्श ग्राम योजना में प्रगति बढाई जावे।
 
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए आंगनवाड़ी, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, आई टी, पशुपालन केंद्र, कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी जिला परिषद को सूची उपलब्ध कराएं।  

बैठक में जिला कलक्टर ने आयुष्मान भारत कार्ड योजना की प्रगति जानी और ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि आशा एवं आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर अधिकाधिक पंजीयन करवाएं जाए। साथ ही आयुष्मान कार्ड के पंजीयन में भी प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि विद्युत कनेक्शन काश्तकारों को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने गैर कृषि क्षेत्र में भी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरीशचन्द मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर नवरत्न कोली, सीएमएचओ डॉ.ओ. पी.सामर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महावीर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।