ऊर्जा मंत्री ने कार्यभार सम्भाला - उपभोक्ता को निर्बाध बिजली आपूर्ति हमारी प्राथमिकता-ऊर्जा मंत्री
कोटा/जयपुर 8 जनवरी। राजस्थान के नवनियुक्त ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को विद्युत भवन पहुंचकर विधिवत रूप से पूजा अर्चना के साथ अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य के उपभोक्ताओं को बिना ट्रिपिंग निर्बाध रूप से गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति करना उनका लक्ष्य रहेगा। उन्होंने विद्युत भवन में पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि शहरी उपभोक्ताओं के साथ साथ किसानों को भी दिन के समय यथा सम्भव बिजली आपूर्ति के प्रयास किए जाएंगे।
ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि आने वाले समय में बिजली उत्पादन क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। ऊर्जा उत्पादन के लिए सोलर पॉवर और विण्ड पॉवर के लिए नए क्षेत्रों को खोजा जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता के हित में जो भी सम्भव होगा, वह निर्णय लेगी। उपभोक्ता पर विद्युत बिल का भार नहीं बढ़े, इसके लिए बिजली की छीजत कम से कम करने का प्रयास किया जाएगा।