जयपुर। विराट कोहली को वनडे फार्मेट के कप्तानी से हटाने के बाद दिग्गजों की प्रतिक्रियाओं की लाइन लग गई है। बता दें कि बुधवार को वनडे टीम की कप्तानी से विराट कोहली को हटा दिया गया और उनकी जगह रोहित शर्मा को टीम का कप्तान बना दिया गया है। कोहली पहले ही टी 20 से अपनी कप्तानी छोड चुके हैं। अब वनडे और टी 20 दोनों फार्मेट के कप्तान रोहित शर्मा होंगे।
पूर्व कोच मदन लाल चयनकर्ताओं पर भड़के
बीसीसीआई के इस फैसले बाद एक भारत के पूर्व ऑलराउंडर और मुख्य कोच मदन लाल ने कहा कि टीम को बनाने में काफी मेहनत लगती है, और बिगाड़ने में थोडा सा वक्त। पूर्व कोच ने कहा कि कोहली का रिकॉर्ड एकदिवसीय मैचों में कप्तान के रूप में अच्छा था और उन्हें इस भूमिका से बर्खास्त करने की कोई आवश्यकता नहीं थी। लाल ने कहा निश्चित रूप से यह बहुत आश्चर्यजनक है।
मदनलाल ने आगे कहा कि "मुझे नहीं पता कि चयनकर्ताओं ने इस बारे में क्या सोचा है, लेकिन अगर कोहली वनडे में अच्छे रिजल्ट दे रहें हैं और टीम जीत रही हैं तो उन्हें क्यों हटाया गया..? उन्होंने कहा कि मैं सोच रहा था कि कोहली 2023 विश्व कप तक कप्तान के रूप में बने रहेंगे।
बता दें कि कोहली ने T20I कप्तानी छोड़ दी थी और एकदिवसीय और टेस्ट में कप्तान बने रहने की इच्छा व्यक्त की थी। यह भी उम्मीद की जा रही थी कि विराट कोहली 2023 विश्व कप में भारत का नेतृत्व करेंगे, लेकिन स्पष्ट रूप से, बीसीसीआई और चयनकर्ताओं का कुछ अलग ही प्लान था। गुरुवार को, बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस फैसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी, यह कहते हुए कि चयनकर्ताओं के लिए एकदिवसीय और टी 20 आई के लिए दो अलग-अलग कप्तान रखने का कोई मतलब नहीं था, और इसलिए कॉल लिया गया था।