दुनिया की सबसे उम्रदराज़ बुजुर्ग ल्यूसिल रैंडन का 118 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह एक फ्रांसीसी नन थीं, जिन्हें सिस्टर एंड्रे के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म प्रथम विश्व युद्ध से दस साल पहले 11 फरवरी, 1904 को फ्रांस के दक्षिण में हुआ था। प्रवक्ता डेविड तावेल्ला ने कहा कि टूलॉन नर्सिंग होम में उनकी नींद में मृत्यु हो गई। सेंट-कैथरीन-लेबर नर्सिंग होम की तावेल्ला ने एएफपी को बताया, कि ये बहुत
दुख की बात है लेकिन...यह उसकी अपने प्यारे भाई से जुड़ने की इच्छा थी।
उसके लिए यह एक मुक्ति है।
साल 2021 में वह कोविड-19 की चपेट में आने से भी बच गई, जबकि उनके नर्सिंग होम के 81 लोग संक्रमित हो गए थे। रैंडन ने पिछले साल संवाददाताओं से कहा था कि उनके काम और दूसरों की देखभाल ने उन्हें चौकन्ना रखा था। लोग कहते हैं कि काम मारता है, मेरे लिए काम ने मुझे जीवित रखा, मैं 108 साल की उम्र तक काम करती रही।
हालांकि बाद में वह अंधी हो गई थीं और व्हीलचेयर पर निर्भर थीं, फिर भी वह अपने से बहुत छोटे अन्य बुजुर्गों की देखभाल करती थीं। पत्रकारों के साथ बैठक में उन्होंने कहा था, "लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और नफरत करने के बजाय एक-दूसरे से प्यार करना चाहिए। अगर हम वह सब साझा करते हैं, तो चीजें बहुत बेहतर होंगी।"