जयपुर। भारत गुरुवार को एडिलेड में दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से 10 विकेट से शर्मनाक हार के बाद टी20 विश्व कप से बाहर हो गया। भारत ने पिछली बार टी20 विश्वकप 2007 में जीता था जोकि शुरूआती विश्वकप था। जहां उन्होंने पाकिस्तान को हराकर दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में खिताब जीता था। वहीं विश्वकप 2022 मेें इंग्लैंड से करारी हार के बाद टीम के रवैये पर काफी संदेह पैदा हो गया है। क्रिकेट फैन्स जमकर भारतीय खिलाडियों पर अपनी भडास निकाल रहे हैं और चारों तरफ खूब आलोचना हो रही है। इन सब के बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने टी 20 विश्व कप को फिर से हासिल करने की टीम की उम्मीदों पर पानी फेरने के बाद एक ट्वीट पोस्ट किया।
गंभीर ने ट्वीट किया, "आप केवल उनसे उम्मीद करते हैं जो अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं! चिन अप बॉयज। यानि गंभीर ने खिलाडियों को मुश्किल समय में साथ देने की बात कही है।
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हार्दिक पांड्या और विराट कोहली द्वारा क्रमशः 63 और 50 रनों की पारी के कारण भारत ने 20 ओवरों में 168/6 का स्कोर बनाया।
हालांकि, गेंदबाजों के पास इंग्लैंड के हमले का कोई जवाब नहीं था, और बटलर और हेल्स ने इंग्लैंड को एक आरामदायक जीत के लिए प्रेरित किया। इंग्लैंड अब रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने स्वीकार किया कि उन्हें इंग्लैंड ने पछाड़ दिया और बाहर कर दिया।