महाप्रबंधक ने कोटा-चितौड़गढ़ खण्ड का किया विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण

- बून्दी एवं मांडलगढ़ स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा


कोटा। पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने कोटा-चितौड़गढ़ खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक मनीष तिवारी, मंडल के संबंधित विभाग के शाखा अधिकारी तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने कोटा-चितौड़गढ़ सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान गाड़ी संचालन से जुड़े सभी संरक्षा मानकों एवं उक्त सेक्शन के ट्रैक, ब्रिजों, ओएचई, समपार फाटको का गहन अवलोकन किया। साथ ही उक्त खण्ड के बून्दी एवं मांडलगढ़ स्टेशनों पर चल रहे उन्नत यात्री सुविधाओं का पुनर्विकास कार्य का विधिवत जायजा लिया।

उल्लेखनीय है कि मंडल के 17 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 356.85 करोड़ की लागत से विकास किया जा रहा है जिसमें बून्दी 7.82 करोड़ एवं मांडलगढ़ 4.48 करोड़ लागत से उक्त स्टेशनों का कायाकल्प करने एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करने हेतु स्टेशन विकास कार्य किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने बून्दी एवं मांडलगढ़ स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के मॉडल एवं ले-आउट प्लान के सभी पहलुओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा स्टेशन पर हो रहे आधारभूत संरचनाओं के विकास की कार्ययोजना के संदर्भ में हो रहे कार्य की वास्तविक स्थिति से महाप्रबंधक को अवगत कराया गया। उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं पुर्नविकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ नियत समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक ने बून्दी-पारसोली स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या 93 (ई) का संरक्षा निरीक्षण किया एवं उक्त समपार फाटक पर मौजूद गेटमैन को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा संरक्षा हेतु आपातकालीन परिस्थिति में उपयोग जाने वाले पटाखे की वैधता की जाँच की। साथ ही पारसोली स्टेशन का निरीक्षण कर मौजूद यात्री सुविधाओं का जायजा लिया एवं स्टेशन पर उपलब्ध संरक्षा अनुदेशों की जाँच की।

इस दौरान महाप्रबंधक के साथ डीआरएम मनीष तिवारी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित मालवीय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) संजय यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी विनोद कुमार मीना, वरिष्ठ मंडल विधुत इंजीनियर (टीआरडी) एम.एस.मीना एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त ए नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।