जिला स्तरीय जनसुनवाई में किया आमजन की परिवेदनाओं का निस्तारण
-जनसुनवाई में प्राप्त हुए 57 प्रकरण
बूंदी, 15 फरवरी। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन हुआ। इसमें जन सुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समाधान कर राहत दी गई। जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने जन सुविधा केन्द्र में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की परिवेदनाएं सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों को तुरंत समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर एवं बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा भी मौजूद रहे।
जन सुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन की वाजिब समस्या का अधिकारीगण तुरंत समाधान करें। निस्तारण में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं करें। जनसुनवाई में लगभग कुल 57 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्ताण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर के वार्ड 54 में गंदे पानी निकासी की समस्या का समाधान किया जावे। इसके अलावा नाली निर्माण करने, पेयजल एवं सुविधाओं की समस्याओं का भी शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने खेल मैदान की तारबंदी के निर्देश दिए । उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र व्यक्ति को मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड बनाया सुनिश्चित करें। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी केटल शेड लगवाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जिला अग्रणी प्रबंधक को निर्देश दिए कि पशुपालन के लिए प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करें। इसके अलावा उन्होंने खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए जिला रसद अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भौतिक सत्यापन करवाया जावे।
जन सुनवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास राशि भुगतान करवाने, विद्युत कनेक्शन, सीमा ज्ञान, अतिक्रमण हटाने, राशि स्वीकृत करवाने, पट्टा दिलाने, मनरेगा के कार्य का वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने को, रास्ते, राजस्व रेकॉर्ड में नाम शुद्धिकरण, सड़क निर्माण, खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने संबंधी समस्याएं आमजन ने जिला कलक्टर को बताई। इनमें कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा अन्य के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर नवरत्न कोली, उपखण्ड अधिकारी बूंदी अनुराग हरित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हींगड, नगर परिषद आयुक्त डाॅ. राकेश कुमार मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओपी सामर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।