हेला टोली ने दिया घर-घर मतदाताओं को मतदान का संदेश, दिलाई शपथ

कोटा 10 नवंबर। विधानसभा आम चुनाव में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के निर्देशन में घर-घर तक हेला टोली ने पहुंचकर मतदाताओं को मतदान का निमंत्रण दिया। शहरी क्षेत्र में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से गर्भवती महिलाओं को मतदान के लिए शपथ दिलावाई।


स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवारी ने बताया कि खैराबाद में विभिन्न विभागों ने शपथ, संकल्प पत्र रैली संगोष्ठी के माध्यम से लोकतंत्र के पर्व पर वोट की शक्ति का संदेश दिया। धरणीधर बहुउद्देशीय सहकारी समिति ने शपथ लेकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कनवास में डोर-टू-डोर अभियान चला कर मतदान के लिए संकल्प पत्र भरवा गए। महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए कृषि विभाग द्वारा महिला मतदान जागरूकता प्रहरी ने समस्त समाज की महिलाओं को आवश्यक रूप से मतदान करने का संदेश दिया।

शत्-प्रतिशत मतदान के लिए अभियान
स्वीप नोडल अधिकारी ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 के मध्य नजर कोटा में शत प्रतिशत मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के मार्गदर्शन में स्वीप अभियान चलाया जा रहा है प्रत्येक ब्लॉक एवं पंचायत समिति में कृषकों, श्रमिका,ें महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए बूथ स्तर पर हेला टोली का निर्माण किया गया। गुरुवार को हेला टोली के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से बताया गया एवं पात्र मतदाताओं की जानकारी दी गई । उनको निर्देशित किया गया कि वह प्रत्येक घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को बूथ तक लाना सुनिश्चित करें।

संयुक्त निदेशक कृषि ने पीपल्दा में मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। आईटीआई कॉलेज छात्रों द्वारा नारा लेखन प्रतियोगिता एवं घर-घर जाकर संकल्प पत्र भरवाए गए। विभिन्न माध्यमों से वोट की शक्ति का प्रचार प्रसार कर मतदाताओं को आवश्यक रूप से मतदान करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं बस्तियों में प्रत्येक व्यक्ति को 25 नवंबर को आवश्यक रूप से मतदान के लिए संकल्प दिलाया गया। शिक्षा विभाग ने छात्रों एवं अध्यापकों के माध्यम से मतदाताओं के घर तक पहुंचकर संकल्प पत्र भरवाकर मतदान का संदेश दिया।