जनसुनवाई में संभागीय आयुक्त ने धैर्य के साथ सुनी लोगों की परिवेदनाएं

-समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

डीग, संभागीय आयुक्त भरतपुर सांवरमल वर्मा ने गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई के तहत आमजन की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर डीग श्रुति भारद्वाज भी मौजूद थी । वर्मा ने प्रत्येक परिवादी को कुर्सी पर बैठा कर धैर्य के साथ उनकी परिवेदनाएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को परिवेदनाओं में तत्परता से कार्यवाही कर उनके निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरण जो उनके स्तर से निस्तारण योग्य है, उनको कम से कम समय अवधि में निस्तारित कर परिवादी को राहत पहुंचायें ताकि जनसुनवाई के प्रति लोगों का ओर अधिक विश्वास बढ़ें ।

उन्होंने विशेष रुप से पानी,बिजली,नगरीय निकाय, उपनिवेशन,राजस्व, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे उनके विभाग से संबंधित प्रकरणों में जल्द ही निस्तारण करने की कार्यवाही करें। श्री वर्मा ने वाजिब समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने की बात कही। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई ना बरते। जनसुनवाई में लगभग 16 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके संबंध में तुरंत निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों निर्देश दिए गए हैं।