India vs New Zealand पहला टेस्ट कल, श्रेयस करेंगे पदार्पण, ये रहेगी टीम

जयपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल टेस्ट मैच सीरीज का पहला मैच कानपूर में खेला जायेगा। मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में एक लंबा नेट सत्र खेला। भारत नियमित कप्तान विराट कोहली के बिना पहले टेस्ट में उतरेगा, विराट को पहले मैच के लिए आराम दिया गया है। सीनियर ओपनर रोहित शर्मा के अलावा प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी और पहली पसंद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ आराम दिया गया है।

रहाणे करेंगे कप्तानी, श्रेयस करेंगे डेब्यू
पहले मैच के लिए भारत की टीम का संयोजन देखना दिलचस्प होगा। पहले मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे होंगे और उन्होंने खुलासा किया है कि मध्य क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस मुकाबले में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करेंगे। वहीं, पहले से ही कमजोर लाइन-अप के लिए एक बड़ा झटका, सलामी बल्लेबाज केएल राहुल मंगलवार को अपनी बाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण श्रृंखला से बाहर हो गए।

भारतीय टीम का घर में रिकॉर्ड
घर पर भारत का फॉर्म शानदार रहा है। घरेलू धरती पर विराट कोहली की कप्तानी में अब तक सभी 11 टेस्ट सीरीज जीती हैं। भारत ने आखिरी बार 2012-13 में घर में हार का स्वाद चखा था, जब एमएस धोनी की टीम इंग्लैंड से 1-2 से हार गई थी। वहीं न्यूजीलैंड ने भारत में कभी भी टेस्ट सीरीज़ नहीं जीती है और केवल दो बार ड्रॉ करने में सफल रहा है।