Rajasthan : राजस्थान के श्रीनाथजी मंदिर में मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की हुई सगाई, कुछ सालों से थे दोस्त

अंबानी परिवार को अपने सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी की बहू मिल गई है। परिवार ने गुरुवार को घोषणा की कि अनंत अंबानी निर्माता वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट से शादी करेंगे। शैला और वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका और अनंत की रोका (सगाई) गुरुवार को राजस्थान के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर में परिवार और दोस्तों के साथ की गई। परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सगाई के बाद दोनों ने भगवान श्रीनाथजी का आजीवन आशीर्वाद लिया और मंदिर में दिन बिताया.
 

हालांकि, परिवार ने यह नहीं बताया है कि दोनों कब शादी करेंगे। बता दें कि दोनों काफी समय से दोस्त हैं। मालूम हो कि मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता ने इस साल जून में मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में राधिका के लिए एक भव्य 'आरंगत्रम' समारोह आयोजित किया था। मंच पर राधिका का यह पहला संगीत कार्यक्रम था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि राधिका एक प्रशिक्षित भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना हैं। वह एनकोर हेल्थकेयर के सीईओ वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट की बेटी हैं।

अनंत अंबानी ने जहां अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की वहीं राधिका ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। अनंत वर्तमान में अपने पिता के ऊर्जा व्यवसाय का प्रबंधन करते हैं। वह मुकेश अंबानी के जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल वेंचर्स के सीईओ भी हैं, जबकि राधिका एनकोर हेल्थकेयर के बोर्ड में बैठती हैं।
 
बता दें कि मुकेश अंबानी के तीन बच्चे आकाश, ईशा और सबसे छोटा बेटा अनंत है। अंबानी की बेटी ईशा ने दिसंबर 2018 में पीरामल ग्रुप के वारिस आनंद पीरामल से शादी की थी। उन्होंने पिछले महीने ही जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है। उनके सबसे बड़े बेटे आकाश ने मार्च 2019 में हीरा व्यापारी रसेल मेहता की बेटी श्लोका से शादी करने के बाद, उनका दो साल का बेटा हुआ।