जयपुर। प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस में फिर से मंत्रीमंडल के विस्तार और फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई हैं। क्योंकि अब प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने फिर से मीडिया को बयान दिया है कि राजस्थान में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार करेंगे और यह दिवाली बाद संभव होगा। बुधवार देर रात जयपुर पहुंचे माकन से मीडिया ने पूछा कि मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा तो उन्होंने कहा- जल्द। जब उनसे पूछा गया कि कब? क्या दीपावली के बाद तो अयज माकन इस बात पर हंसे और कोई जबाव नहीं दिया। जब माकन से सचिन पायलट कैंप की मांगों के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब पार्टी में कोई गहलोत और पायलट कैंप नहीं है, सब एक हैं। हालांकि ये बात छुपी नहीं रही है कि सचिन पायलट अपने कैंप के विधायकों की सरकार में भागीदारी चाहते हैं। वहीं गहलोत कांग्रेस पार्टी को गिरने से बचाने में साथ आये निर्दलीय और बसपा के विधायकों को चाहते हैं।
अजय माकन के इस बयान के बाद अब मंत्री बनने की दावेदारी कर रहे कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों की गतिविधीयां तेज हो गई हैं। साथ ही मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई है।
हालांकि इससे पहले भी प्रदेश प्रभारी अजय माकन कई बार मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों के बारे में कह चुके हैं। और प्रभारी की ये डेडलाइन जनवरी से ही चली आ रही हैं।
सीएम गहलोत के दिल्ली दौरे के वक्त राहुल गांधी के घर प्रियंका की मौजूदगी में बैठक में राजस्थान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। सीएम गहलोत खुद बयान दे चुके हैं कि राहुल गांधी के घर AICC की समिति की बैठक हुई थी।