जयपुर। कल यानि 18 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र के जन्मदिवस के अवसर पर देश में मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कल पूरे देश में 2.5 करोड से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। प्रधानमंत्री ने एक ही दिन में 2.5 करोड़ से अधिक लोगों के टीकाकरण अभियान में भारत की मदद करने के लिए देश में डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों और प्रशासन के लोगों के प्रयासों की सराहना की। इस रिकॉर्ड टीकाकरण पर प्रधानमंत्री ने विपक्षी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि 2.5 करोड़ कोविड -19 टीकाकरण पार करने के तुरंत बाद एक राजनीतिक दल को बुखार आ गया। हालांकि मोदी ने किसी भी पार्टी का नाम नहीं लिया। यह बात प्रधानमंत्री ने गोवा के स्वास्थ्य कर्मियों और वैक्सीन लाभार्थियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कही थी।
पीएम मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व की सराहना की और गोवा में
100 प्रतिशत टीकाकरण होन पर उन्हें बधाई दी। मोदी ने कहा कि गोवा एक ऐसा राज्य है जो हमारे देश की विविधता को खूबसूरती से दर्शाता है। यह एक ऐसा राज्य है जो एकभारत श्रेष्ठभारत की भावना को मजबूत करता है। टीकाकरण की पहली खुराक का 100 प्रतिशत देने की गोवा की उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का क्षण है।।
टीकाकरण पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गोवा भारत में अग्रणी राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा, गोवा दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेज टीकाकरण अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पीएम मोदी ने कहा,कि कल 2.5 करोड़ से अधिक लोगों को न केवल कोविड -19 के खिलाफ टीका लगाया गया है, बल्कि महामारी के खिलाफ सुरक्षा कवच भी हासिल किया है।