आर्ट गैलरी में नवरोज नाट्यशाला एवं जीर्णाेद्धार कार्यों का हुआ लोकार्पण
-लव कुश वाटिका का लोकार्पण
- वनकर्मी शहीद वाटिका में किया शहीदों को नमन
-मुख्यमंत्री बजट घोषणा अंतर्गत विकसित की गई लव कुश वाटिका
-सांगोद विधायक ने किया लव-कुश वाटिका का लोकार्पण
कोटा 2 अक्टूबर। किशोर सागर तालाब के निकट स्थित कला दीर्घा (आर्ट गैलरी) में गांधी जयंती के अवसर पर जीर्णाेद्धार कार्य एवं नवरोज नाट्यशाला का लोकार्पण किया गया। सांगोद विधायक भरत सिंह कुन्दनपुर के विधायक कोष की 40 लाख रुपए की राशि से यह कार्य कराए गए हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बशीर अहमद मयूख ने फीता काटकर नवरोज नाट्यशाला का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने गांधी जी के विचारों को समाहित करने वाला मंत्र गायन कर कला के बढ़ावे के लिए किए गए कार्यों के लिए सांगोद विधायक भरत सिंह को साधुवाद दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांगोद विधायक ने कहा कि इस स्थान पर नवरोज नाट्यशाला के निर्माण से रंगकर्मी को बढ़ावा मिलेगा और रंगकर्मियों को बेहतर सुविधा मिल सकेंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस स्थान की महत्ता और सकारात्मकता इस नव निर्माण को सार्थक बनाएगी।
विशिष्ट अतिथि कवि एवं साहित्यकार अंबिका दत्त चतुर्वेदी ने कहा कि सांस्कृतिक मूल्यों की चिंता के दौर में कला के संरक्षण के लिए उठाया गया यह कदम सराहनीय है। इसके माध्यम से कोटा की विरासत के संरक्षण की दिशा बडा कदम साबित होगा। गांधीवादी विचारक नरेश विजयवर्गीय ने गांधी जी के प्रिय भजन, विनोबा भावे की नाम सर्वधर्म सद्भाव की नाम माला का गायन किया। कार्यक्रम में कोटा हेरिटेज सोसाइटी के मदन मीणा, विक्टोरिया एवं अन्य कलाविदों ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राम नारायण हलधर की नवीन कृति का भी विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री बजट घोषणा अंतर्गत अनंतपुर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा विकसित की गई लव कुश वाटिका का लोकार्पण सोमवार को किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम में सांगोद विधायक भरत सिंह कुन्दनपुर मुख्य अतिथि, अध्यक्षता संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में लाडपुरा पंचायत समिति प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू थे। इस अवसर पर सीसीएफ महेश गुप्ता एवं डीएफओ मुकुंदरा बीजू जॉय उपस्थित रहें।
लव कुश वाटिका के लोकार्पण के साथ ही यहां पक्षी घर का शिलान्यास भी किया गया।
लोकार्पण के बाद अतिथियों ने लव कुश वाटिका का अवलोकन किया। इस अवसर पर वनकर्मी शहीद वाटिका में शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा श्रेष्ठ कार्य करने वाले 21 वनकर्मियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
डीसीएफ जय राम पांडे ने बताया कि इस अवसर पर बटरफ्लाई वाटिका में 15 प्रकार की जातियों का लार्वा भी अतिथियों द्वारा इंट्रोड्यूस किया गया। लव कुश वाटिका में सर्वधर्म वाटिकाएं विकसित की गई है जिनमें नवग्रह, नक्षत्र, पंचवटी, तीर्थंकर, धनवंतरि, कुरीन, गुरु, बौद्ध को समर्पित वाटिकाएं बनाई गई है। पुष्प और फल वाटिका भी विकसित की गई है ।
इनके अलावा पर्यावरण चेतना गैलरी, वन औषधि गैलरी, वेट लैंड, बटरफ्लाई वाटिका, बाल वाटिका भी खास आकर्षण है। उन्होंने बताया कि इस वाटिका में दुर्लभ 200 जड़ी बूटियां के पौधे रोपे गए हैं तथा इनके संरक्षण के लिए नर्सरी भी विकसित की गई है।