लैंगिक उत्पीडन मुक्त कार्यस्थल सप्ताह के तहत आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन

कोटा 8 दिसंबर। महिला अधिकारिता विभाग में शुक्रवार को लैंगिक उत्पीडन मुक्त कार्यस्थल सप्ताह के तहत आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें लैंगिक उत्पीडन (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम से संबधिंत जानकारी दी गई।


उपनिदेशक महिला अधिकारिता मनोज कुमार मीना ने बताया कि अधिनियम का मुख्य उदेद्श्य औपचारिक एवं अनौपचारिक कार्यस्थलों पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीडन रहित वातावरण प्रदान करना है। इस अधिनियम के तहत कार्यस्थलों पर आंतरिक समितियों का गठन किया जाता है। जो लैंगिक उत्पीडन की घटनाओं को रोकने का काम करती है। उन्होंने बताया कि आमुखीकरण में स्थानीय शिकायत समिति के सदस्य एवं समस्त महिला अधिकारिता विभाग के स्टॉफ को क्षेत्र में महिलाओं को लैगिक हिंसा, घरेलु हिंसा, विभिन्न महिला कानूनों के प्रति जागरूक करने के संबध में प्रेरित किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 4 से 9 दिसम्बर तक लैंगिक उत्पीडन (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम  के तहत लैंगिक उत्पीडन मुक्त कार्यस्थल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राजकीय, निजी एवं सार्वजनिक कार्यालयों तथा उपक्रमों में अधिनियम की जानकारी संबधित कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के परामर्शदाता उमा सिंह, सावित्री देवी एवं इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र का स्टॉफ उपस्थित रहे।