कोटा। कोटा मंडल के क्षेत्राधिकार में मुख्यतः मध्य प्रदेश एवं राजस्थान दो राज्य हैं। कोटा मंडल इन राज्यों में रेल बुनियादी ढाँचे को बेहतर और उन्नत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वतर्मान में मंडल में रेल विकास की विभिन्न परियोजनाओं के कार्य प्रगति पर है। इस वर्ष के बजट में राजस्थान को 9,782 करोड़ एवं मध्य प्रदेश को 15,143 करोड़ रूपये का रिकॉर्ड आवंटन प्रदान किया गया है। कोटा रेल मंडल में कोटा का 207.63 करोड़ एवं डकनिया तलाव का 111.18 करोड़ की लागत से वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन के रूप में एवं सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भवानी मंडी, बारां, छबरा गुगोर, झालावाड सिटी, चौमहला, शामगढ़, मांडलगढ, भरतपुर, बयाना, श्रीमहावीरजी, हिंडौन सिटी, रामगंजमंडी, बून्दी, विक्रमगढ़ आलोट एवं गरोठ जैसे 17 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 356.85 करोड़ की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। सुनिश्चित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 26 फरवरी को संपूर्ण भारत में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 550 से अधिक स्टेशनों के पुनर्विकास एवं 1500 रेल फ्लाई ओवर/ अंडरपास का शिलान्यास, शुभांरभ एवं लोकार्पण करेंगे। जिसमे मंडल का बून्दी एवं झालावाड़ सिटी रेलवे 02 स्टेशन एवं 12 आरओबी/आरयूबी /सबवे का शिलान्यास एवं लोकार्पण शामिल है।