PCB अध्यक्ष रमिज़ राजा ने पाकिस्तानी प्रशंसकों को फटकारा, भारत का उदाहरण देते हुए कही ये बात

जयपुर। जब भी पाकिस्तान और भारत के बीच अंतरराष्ट्रीय मैच होते हैं तो दोनों ही देशों के प्रशंसक सोशल मीडिया पर एक दूसरे के प्रदर्शन की तुलना करते रहते हैं। अगर कोई खिलाडी अच्छा प्रदर्शन नहीं करता तो उन्हें ट्रोल भी किया जाता है। और इसी बात को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमिज राजा ने पाकिस्तानी प्रशंसकों को फटकार लगा दी और इस मामले में भारतीय प्रशंसकों की प्रशंसा की।
दरअलस हाल ही एशिया कप 2022 और इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज में पाकिस्तान को हार का सामना करना पडा था। जिसके बाद पाकिस्तान के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी क्रिकेटरों को निशाने पर ले लिया। खासकर कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान की टी20 प्रारूप में 'खराब स्ट्राइक रेट' के लिए कई लोगों ने आलोचना की है।

इस बात पर रमिज राजा ने दोनों देशों के प्रशंसकों में अंतर बताते हुए कहा कि अगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप में शतक जड़ने वाले विराट कोहली की तरह ही बाबर आजम ने भी इंग्लैंड के खिलाफ शतक बनाया था। लेकिन, जहां भारत ने कोहली के 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक की खुशी मनाई, वहीं बाबर के 110 रन बनाने के बावजूद उनके जबरदस्त स्ट्राइक-रेट पर सवाल उठाए जाते रहे।

रमिज ने कहा कि "पहले हम पहली बाधा में लड़खड़ाते थे। हां हम फाइनल में पहुंचे और हां हम अच्छा नहीं खेले। लेकिन एक बुरा दिन होना ठीक है। लेकिन एशिया कप में अन्य टीमें भी थीं। मेरा मतलब है कि भारत तब फाइनल में नहीं पहुंचने के लिए उनकी कड़ी आलोचना होनी चाहिए थी, लेकिन उनके प्रशंसक और मीडिया ऐसा नहीं करते हैं।

रमिज़ ने कहा कि "जब विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाया, तो वे अपना पूरा एशिया कप भूल गए। क्या हम कभी ऐसा करेंगे? हम क्या कहते हैं कि बाबर आजम ने 100 रन बनाये लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 135 था जबकि डेविड वार्नर का था 147.3. तो यह बेकार है,"।