क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताएं पूरा करना प्राथमिकताः बिरला*

-लोक सभा अध्यक्ष ने किया 30 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण


बूंदी, 19 जनवरी। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को पंचायत समिति नैनवां और पंचायत समिति केशवरायपाटन में होने वाले 30 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नागरिकों की आशाओं के अनुरूप क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताएं पूरा करना हमारी प्राथमिकता है।

करवर के राजकीय विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में स्पीकर बिरला ने कहा कि पिछले पांच साल में यह दोनों क्षेत्र घोर उपेक्षा के शिकार रहे। बिजली, पानी, सड़क सहित हर क्षेत्र में भेदभाव हुआ। हमने कई विकास कार्य करवाने के प्रयास किए लेकिन  सहयोग नहीं मिलने से अपेक्षित परिणाम नहीं आए। लेकिन अब जनता की सभी आशाएं पूरी होंगी।

उन्होंने कहा कि अभी 30 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। परन्तु अभी यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास निरंतर प्रक्रिया है जो सतत लती रहती है। जनता क्षेत्र में विकास की जो भी कार्य बताएंगे उसे यथा संभव करवाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे। आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में हम सभी को सहभागी बनना है।

देरी के बाद भी जमे रहे लोग
कार्यक्रम में आए लोगों में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत करने का जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। कापरेन से करवर तक की यात्रा में जगह-जगह हो रहे अभिनंदन के कारण बिरला करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे, लेकिन उसके बावजूद लोग वहीं जमे रहे। जैसे ही बिरला वहां पहुंचे लोगों ने उनके समर्थन में नारे लगाना प्रारंभ कर दिया।

नैनवां में 20, केपाटन में होंगे 10 करोड़ के काम
स्पीकर बिरला के प्रयासों से हो रहे 30 करोड़ रूपए के विकास कार्यों में से 20 करोड़ के काम नैनवां पंचायत समिति और करीब 10 करोड़ के काम केशवरायपाटन विधान सभा क्षेत्र में होंगे। इनमें 6.24 करोड़ की लागत से स्टेट हाइवे 34 से जरखोदा, रोटेदा, गुढ़ादेवजी होते हुए ब्लॉक बाउंड्री तक सड़क, 2.80 करोड़ की लागत से ग्राम बूढ़कवर तथा 2.10 करोड़ की लागत से ग्राम समिधि की सम्पर्क सड़क का कार्य शामिल है।

इंद्रगढ़ माताजी मंदिर के बाहर किया श्रमदान
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर के देवालयों में चल रहे स्वच्छ तीर्थ अभियान के तहत लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इंद्रगढ़ माताजी मंदिर के बाहर श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के मंदिरों को स्वच्छ रखें। साथ ही 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को सामूहिकता के साथ देखें।  कार्यक्रम में पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, छीतर लाल राणा, मुकेश जिंदल, प्रधान पदम नागर, हेमराज नागर,  जिला परिषद सदस्य शक्ति सिंह आसावत, नीलेश तिवारी, महावीर ग्रामीण, महेंद्र शर्मा, रामसिंह चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।