Udaipur: बहन के प्रेम संबंध से नाराज एक भाई और उसके दोस्तों ने उसके प्रेमी की हत्या कर दी। हमला एक दिन पहले दोपहर साढ़े तीन बजे उदयपुर में मस्तान बाबा दरगाह के बाहर हुआ। इस वक्त उर्स का माहौल था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना उदयपुर शहर के अंबामाता थाना की है। मरने वाले युवक को सुपुर्दे खाक कर दिया गया है। जहां दोनों परिवार के बीच रिश्ते की बात चल रही थी अब वहां जबरदस्त तनाव का माहौल है।
पुलिस के अनुसार महावतवाड़ी निवासी तहसीन रजा उर्फ एजे (20) की हत्या प्रेमिका के भाई सज्जननगर निवासी आदिल उर्फ कालिया ने अपने साथी करीम, मोहम्मद हुसैन और इश्तियाक ने मिलकर की। पुलिस ने तहसीन के पिता रजा मोहम्मद रशीक अब्बासी की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को डिटेन कर लिया है. जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक के भाई सोहेल उर्फ अन्ना ने कहा कि वह भी उर्स के दौरान मौजूद था। उसका छोटा भाई तहसीन अपने दोस्तों के साथ जियारत कर दरगाह से बाहर आया, तभी उसकी प्रेमिका का भाई आदिल आया और उसके दोस्तों ने तहसीन रजा को घेर लिया। उसने चाकू से वार कर दिया। कमर, पेट, सीने, हाथ और जांघ पर 18 वार किए गए। चीख-पुकार सुनकर उसने भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर भाग गए। वह खून से लथपथ भाई को एमबी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सज्जन नगर में रहने वाली लड़की और तहसीन एक दूसरे से प्यार करते थे। यह बात परिवार के लोग भी जानते थे। दोनों परिवारों के बीच संबंधों को लेकर विवाद चल रहा थी। आदिल को यह पसंद नहीं थी। उसने योजना बनाई और बहन के प्रेमी को मार डाला। पुलिस ने आरोपी आदिल को हिरासत में ले लिया है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की है।