Robin Uthappa ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, बोले- देश के लिए खेलना सबसे बडा सम्मान

जयपुर। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने आज इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा कह दिया। उथप्पा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की जानकारी दी है। राॅबिन उथप्पा ने कहा कि अपने देश और अपने राज्य कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा है। हालांकि, सभी अच्छी चीजों का अंत होना चाहिए और कृतज्ञ हृदय के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।

बता दें कि उथप्पा ने 15 अप्रैल, 2006 को इंग्लैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। उथप्पा ने अपने डेब्यू मैच में ही तेज तर्रार ओपनिंग करते हुए 86 रनों की यादगार पारी खेली थी। भारत इस मैच में 7 विकटों से विजयी हुआ था। राॅबिन उथप्पा 2007 में खेले गए टी.20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा रह चुके हैं।

उथप्पा का इंटरनेशल कैरियर
राॅबिन उथप्पा ने भारत के लिए 46 वनडे मैच खेले जिनमें लगभग 26 की औसत से 934 रन बनाये इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 90 से उपर रहा। वहीं टी 20 क्रिकेट में राॅबिन ने 291 मैचों 28.18 की औसत से 7272 रन बनाये। उथप्पा आईपीएल में 205 मुकाबले खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 27.51 की औसत और 130.55 के स्ट्राइक रेट से 4952 रन बनाए। उन्होंने आईपीएल में 27 अर्धशतक जड़े हैं। उनका बेस्ट स्कोर 88 रन का रहा है।