जयपुर। एशिया कप 2022 में कल यानि 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें टी 20 विश्वकप के बाद से पहली बार फिर से आमने सामने होंगी। मैच से पहले भारतीय खिलाडी और पाकिस्तानी खिलाडी अपना दोस्ताना मैदान पर दिखा रहे हैं। ऐसे कई वीडियो सामने आये हैं जिनमें दोनों देशों केे खिलाडी एक दूसरे के साथ बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब एक और वीडिया पाकिस्तान क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस मुलाकात में कप्तान रोहित शर्मा ने बाबर आजम को शादी की सलाह दे डाली। रोहित की सलाह पर बाबर आजम हंसने लगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात और बातचीत का वीडियो शेयर किया है । बता दें कि इससे पहले भी एक वीडियो सामने आ चुका है जिसमें विराट कोहली, केएल राहुल, यजुवेंद्र चहल और ऋषभ पंत पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी से बात करते हुए दिखाई दे रहे थे। भारतीय खिलाडियों ने तेज गेंदबाज की पैर की चोट का हाल चाल जाना था।
बता दें कि 28 अगस्त को होने वाले भारत पाकिस्तान के इस जबरदस्त मैच में भारतीय टीम विश्वकप में मिली हार का बदला लेना चाहेंगे। हर भारतीय क्रिकेट फैंस की नजर इस मैच पर बनी हुई है।