जयपुर। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मंगलवार को केनिंग्टन ओवल में खेले गए पहले वनडे में भारत को इंग्लैंड को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। बुमराह ने अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए मात्र 19 रन देकर 6 विकेट झटके जिसकी बदौलत भारत ने इंग्लैण्ड को 10 विकेट से हराया। बुमराह की शानदार गेंदबाजी के बाद दिग्गज क्रिकेटरों ने उनकी खूब प्रशंसा की और तीनों फॉर्मेट में बुमराह को इस समय का सबसे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बताया।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने द ओवल में बुमराह के "अभूतपूर्व" प्रदर्शन की सराहना करने के लिए ट्विट किया।
तेंदुलकर ने ट्वीट किया, "ओवल की पिच में शानदार उछाल है लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने सही लेंथ पर गेंदबाजी की और इससे फर्क पड़ा। भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण खासकर बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की।"
एक और ट्वीट में तेंदुलकर ने जसप्रीत बुमराह को "सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज" बताया। तेंदुलकर के इस बयान का समर्थन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने भी किया जिसके लिए तेंदुलकर ने नासिर हुैसन को धन्यवाद कहा। तेंदुलकर ने लिखा, "मेरा कुछ समय से मानना है कि बुमराह सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। यह सुनकर अच्छा लगा कि नासर ऑन-एयर मुझसे सहमत हैं।"
नासिर हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स के लिए अपने कॉलम में बुमराह के दुनिया में सर्वश्रेष्ठ होने के बारे में भी लिखा। हुसैन ने लिखा, "बुमराह को विश्व क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ ऑल-फॉर्मेट गेंदबाज बनना होगा। चुनौती देने वाले कौन होंगे? हो सकता है कि ट्रेंट बाउल्ट, शाहीन शाह अफरीदी, जोफ्रा आर्चर फिट हों। लेकिन अभी, वह सबसे अच्छा है," इंग्लैंड और भारत अब गुरुवार को लॉर्ड्स में दूसरे वनडे में आमने-सामने होंगे।