जयपुर। (मनोज गुर्जर) ऐसे लग रहा है कि साउथ कोरियन टेक कंपनी सैमसंग जल्द ही ए सीरीज के तहत एक और नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। और यह फोन Samsung Galaxy F42 5G होगा। इस फोन को हाल ही में बेंचमार्क साइट गीकबेंच पर देखा गया है जो बताता है कि फोन के जल्द ही लॉन्च होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि यह फोन सैमसंग गैलेक्सी ए 22 5जी का रिब्रांडेट वर्जन हो सकता है। अब स्मार्टफोन को गीकबेंच पर स्पॉट किया गया है। बेंचमार्किंग वेबसाइट पर लिस्टिंग से स्मार्टफोन के कुछ प्रमुख संभावित स्पेसिफिकेशंस भी सामने आये हैं। वहीं सैमसंग गैलेक्सी F42 5G को ब्लूटूथ SIG और भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) वेबसाइट पर भी देखा गया है जिससे पता चलता है कि फोन को कंपनी भारत में भी लॉन्च करेगी।
Samsung Galaxy F42 5G के संभावित फीचर्स
गीकबेंच पर इस फोन को मॉडल नंबर SM-E426B के साथ लिस्ट किया गया है। और इसमें 2GHz ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है। प्रोसेसर का कोड नाम ARM MT6833V/NZA है जिसे मीडियाटेक डाइमेंशन 700 SoC होने का अनुमान लगाया जा रहा है। लिस्टिंग के अनुसार इस इस प्रोसेसर को 6 जीबी रैम के साथ जोड़ा जायेगा। लिस्टिंग से यह भी पता चलता है कि स्मार्टफोन Android 11 पर काम करेगा। फिलहाल स्मार्टफोन के बारे में अन्य कोई आधिकारिक सूचना नहीं आयी है। ना ही अभी तक लॉन्च डेट के बारे में कोई निश्चित समय सीमा तय की गई है। जैसे ही फोन के अन्य फीचर्स और स्पेशिफिकेशंस सामने आते हैं हम आपको सबसे पहले उनकी जानकारी देंगे।