लोकनृत्य से हुआ सतरँगी सप्ताह का शुभारंभ

-लोक कलाकारों ने मनमोहक अंदाज़ में दिया मतदान का निमंत्रण


कोटा 16 नवंबर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीना के मार्गदर्शन में गुरुवार से सतरंगी सप्ताह का शुभारंभ किया गया। सतरंगी सप्ताह के प्रथम दिवस को जिले के सभी ग्राम पंचायतों, खंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किशोर सागर तालाब की बारहदरी पर किया गया जिसमें घुमन्तु, अर्धघुमन्तु, ट्रांसजेंडर वर्ग के महिला पुरूष मतदाताओं ने भाग लिया।

स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया कि सतरंगी सप्ताह के तहत टारगेट ग्रुप घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं ट्रांसजेंडर के सदस्यों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मतदान के प्रति जागरूक किया तथा सभी उपस्थित मतदाताओं ने मतदान करने के लिए शपथ ली तथा शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम भावना राघव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भगवान सहाय, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी लल्लूप्रसाद महावर सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बाबूलाल जैन कर्मयोगी रावण सरकार भी उपस्थित रहे जिन्होंने अपने संगठन की तरफ से मतदान संबंधित भजन भी प्रस्तुत करवाया।

गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में लोक कलाकारों ने दिया मतदान का निमंत्रण-
स्वीप नोडल अधिकारी ममता तिवाडी बताया कि पहले दिन लोक नृत्य की थीम पर गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में लोक कलाकारों ने लोक गीत एवं नृत्य द्वारा प्रत्येक मतदाता को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा विभाग द्वारा गली मोहल्लों में जनसंपर्क कर मतदान के लिए प्रचार-प्रसार किया एवं घुमंतू जाति की महिलाओं ने मतदान करने की अपील करते हुए लोक नृत्य प्रस्तुत किया। सुल्तानपुर में कालबेलिया बस्ती में लोक कलाकारों द्वारा वोट की शक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पोषण दिवस पर लाभार्थियों को पीले चावल बांटकर, आंगनबाड़ी केंद्र पर लोकनृत्य के माध्यम से मतदान का निमंत्रण दिया। कलम का कुआं इलाके में बंजारा समाज की महिलाओं ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को बूथ तक जाकर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। विभिन्न विभागों द्वारा सतरंगी सप्ताह के प्रथम दिन लोक नृत्य के माध्यम से मतदाताओं को लोकतंत्र के पर्व में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।