संवाददाता शिव कुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
वंचित तबके की सामाजिक एवं आर्थिक मजबूती के लिए हो कार्य- डॉ. चन्द्रभान
बूंदी, 3 जून। बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति उपाध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि गरीब व वंचित तबके को सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से मजबूत कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की मंशा से शुरू हुए बीस सूत्री कार्यक्रमों का लाभ इसी अनुरूप मिले, इस सोच के साथ अधिकारी कार्य करें। डॉ. चन्द्रभान ने यह निर्देश शुक्रवार को बूंदी जिला कलेक्टरेट सभागार में जिले में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अन्तर्गत अर्जित प्रगति तथा राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। उन्होंने विभागवार प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को वर्ष की शुरूआत से ही लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीर होकर प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीसूका उपाध्यक्ष ने कहा कि डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने बजट में एक बड़ी सौगात प्रदेश की महिलाओं को दी है। राजस्थान में घर की महिला मुखिया के हाथों में अब स्मार्टफोन होगा। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में शामिल महिलाओं को स्मार्टफोन मुफ्त इंटरनेट के साथ देने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना प्रदेशवासियों के लिए राज्य सरकार की बेहतरीन सुविधाओं में से एक है। इस योजना ने आमजन के स्वास्थ्य की चिंता को हमेशा के लिए दूर कर दिया है।
डॉ. चन्द्रभान ने 20 सूत्रीय बिन्दुओं की समीक्षा के दौरान कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा अर्जित लक्ष्यों की जिला कलेक्टर एवं विभागाध्यक्ष को भिजवाई जाने वाली प्रगति रिपोर्ट के आंकडों में काफी असमानताएं है। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस कमी को दूर करें, ताकि प्रगति की सही जानकारी मिल सके। लक्ष्य प्राप्त नहीं होने की स्थिति में अधिकारी गत वर्ष के लक्ष्यों में 10 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करें।
वन विभाग अभी से जुटे पौधारोपण की तैयारी में
डॉ. चन्द्रभान ने वन विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु जल्द शुरू होने वाली है। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व जिलेभर में जिन स्थानों पर पौधारोपण किया जाना उसकी तैयारी अभी से कर ले। विभाग स्तर पर इसकी समुचित तैयारी रहे कि इस बरसात के सीजन में प्राप्त पौधारोपण के लक्ष्यों की हर हाल में शत प्रतिषत प्राप्ति हो।
उन्होंने निर्देष दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना में कोई भी पात्र व्यक्ति आवास से वंचित नहीं रहे। जल जीवन मिषन के तहत हो रहे कार्याे की अधिकारी सघन मॉनिटरिंग करें। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देष दिए कि खनन क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूर का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण और उसके अनुरूप उनका उपचार सुनिश्चित किया जावे।
उन्होंने संस्थागत प्रसव की कम प्रगति को लेकर चिकित्सा विभाग को निर्देष दिए कि संस्थागत प्रसव पर राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन की जानकारी दें, ताकि संस्थागत प्रसव की प्रगति को बढाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की फसलों की लागत को कम करने करने के लिए सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने व अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई के लिए सौर उर्जा को बढावा देने के लिए सोलर पम्प पर सब्सिडी देने के लिए राज्य बजट में प्रावधान किया हैं।
वंचित का कल्याण सरकार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी
डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में गरीब और वंचित व्यक्यिों के जीवन स्तर का उंचा उठाने का प्रयास होना चाहिए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मंषानुरूप गरीब व्यक्ति का कल्याण सरकार के साथ ही समाज की भी जिम्मेदारी है। आजादी के बाद देश में बुनियादी सुविधाओं में वृद्धि हुई है। विकास एक सतत प्रक्रिया है और मूल्यांकन से ही कार्य बेहतर होता है। ग्रामीण विकास के साथ ही लोगों को रोजगार के अवसर भी मिले। उन्होंने कहा कि आर्थिक मजबूती से वंचित वर्ग सामाजिक व शैक्षणिक रूप से भी मजबूत होगा।
बैठक में जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर, जिला कलक्टर रेणु जयपाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर
करतार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार, मुख्य आयोजना अधिकारी रविन्द्र वधवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।