सूर्य सप्तमी पर विद्यालय में विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार
बारां, 15 फरवरी। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार सूर्य सप्तमी को जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में 15 फरवरी को सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि गण, एडीएम सत्यनारायण आमेटा, एसडीएम दीपक मित्तल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार शर्मा, कृषि विस्तार संयुक्त निदेशक अतीश कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पीयूष शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े नागरिकों की भागीदारी रही। सूर्य सप्तमी पर प्रार्थना सभा के बाद प्रातः 10.30 से 11 बजे तक विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार किया गया।
सूर्य सप्तमी के अवसर पर प्रदेश भर में 15 फरवरी को आयोजित विराट सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के अंतर्गत बारां जिले में भी सूर्य नमस्कार का आयोजन वृहत स्तर पर किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीराम स्टेडियम बारां में किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों की उत्साह जनक भागीदारी रही। सूर्य नमस्कार में किशोर वय बालक-बालिकाओं से लेकर वयोवृद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साह से भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विधिवत सूर्य नमस्कार के आसन कराए गए। साथ ही मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए सूर्य नमस्कार का महत्व भी बताया गया।