मानव श्रृंखला बनाकर छात्रों ने दिया मतदान का संदेश
कोटा 4 नवम्बर। विधानसभा 2023 आम चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रशासन पूर्ण रूप से प्रयासरत है। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी मीणा के निर्देश पर प्रत्येक विभाग मतदाताओं के बीच में जाकर लोकतंत्र के उत्सव में उनके योगदान के लिए प्रेरित कर रहा है। प्रत्येक मतदाता को वोट की शक्ति के बारे में जागृत किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में ग्राम सेवा सहकारी समितियांे द्वारा ग्रामीणों के बीच जाकर मतदान के लिए संकल्प पत्र भरवाए गए। साथ ही संगोष्ठी एवं सभा के माध्यम से भी 25 नवम्बर को मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा संस्थानों के जनरल वार्ड में मतदान करने का संदेश एवं लोकतंत्र में वोट की ताकत को समझाया गया। शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर छात्रों ने मानव श्रृंखला के माध्यम से अलग-अलग आकृति बनाकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों में मां बेटी सम्मेलन भी आयोजित किए गए एवं महिलाओ का मत प्रतिशत बढ़ाने का संदेश दिया गया।
महिलाओं को उनकी शिक्षा, विकास एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार विमर्श कर मतदान करने का आहवान किया गया। छात्रों एवं अध्यापकों के माध्यम से ग्रीटिंग कार्ड बनाकर मतदाताओं से व्यक्तिगत अपील भी की जा रही है कि वह मतदान अवश्य करें। विभिन्न स्कूलों कॉलेजों में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता नारा लेखन आदि के माध्यम से आवश्यक मतदान का संदेश दिया जा रहा है। मतदाता जागरूकता की श्रृंखला में पशुपालकों एवं कृषको के बीच जाकर भी विभिन्न विभाग मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज, विधि कॉलेज एवं आईटीआई के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।