'मानस’ कार्यक्रम के आयोजन से विद्यार्थी हुये खुश

ब्यूरो चीफ शिव कुमार शर्मा

'मानस’ कार्यक्रम के आयोजन से विद्यार्थी हुये खुश
बून्दी, 30 अगस्त। जिला कलक्टर डॉ0 रविन्द्र गोस्वामी द्वारा वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थी जीवन में तनाव व अवसाद दूर करने एवं विद्यार्थियों में नैतिक शिक्षा, सामाजिक समरसता, करियर निर्देशन व आत्मबल प्रदान करने तथा मादक पदार्थो से दूर रखने के उद्देश्य से जिले के महाविद्यालयों तथा विद्यालयों में एक नवीन कार्यक्रम ‘‘मानस’’ आयोजित किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को सुबह 08.30 बजे करियर पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय नैनवां रोड़ एवं सुबह 10.30 बजे गुरूकुल विद्या भवन उच्च माध्यमिक विद्यालय बून्दी में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कक्षा 9 से 12 तक की विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में चॉदनी वरयानी ने हार्टफुलनेस मेडिटेशन पर अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान में तनाव जीवन का आम हिस्सा बन चुका है। नकारात्मक सोच के कारण तनाव उत्पन्न होता है। विद्यार्थियों में तनाव के कारण चिडचिड़ापन, आलस्य, अनिद्रा आदि लक्षण उत्पन्न होते है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचान कर रूचि के अनुसार नियमित अध्ययन करना चाहिए। नियमित रूप से मेडिटेशन करने से तनाव दूर किया जा सकता है। इस अवसर पर नीलू राजानी तथा सुषमा यादव, नर्सिग ऑफिसर ने हार्टफुलनेस मेडिटेशन व रिलेक्सैशन करवाया।
कार्यक्रम में बून्दी के उपखण्ड अधिकारी हेमराज परिडवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरणास्पद उद्बोधन देते हुए बताया कि वर्तमान में छात्र जीवन अभिभावकों की महत्वाकांक्षाओं के कारण भी तनावग्रस्त हो गया। अतः नियमित योग प्राणायाम, मेडिटेशन, व्यायाम आदि द्वारा शरीर स्वस्थ रखते हुए नियमित रूप से अध्ययन करें। विद्यार्थियों में प्रतिभाओं के क्षेत्र अलग-अलग होते है। अतः क्षमता व रूचि के अनुसार क्षेत्र चुनकर निरन्तर उसी लक्ष्य पर कार्य करें तो सफलता निश्चित प्राप्त होगी।
पं0 बृजसुन्दर सामान्य चिकित्सालय बून्दी के मनोचिकित्सक, डॉ0 मोहम्मद जावेद, ने विद्यार्थियों से वार्ता तनाव के कारण तथा तनाव होने पर उससे बचाव के उपायों के बारे में बताया। डॉ. जावेद ने बहुत सरल व सटीक उदाहरणों के द्वारा तनाव रहित जीवन जीने की कला के बारे में बताया।
कार्यक्रम में समसा बून्दी के कार्यक्रम अधिकारी राजेश चतुर्वेदी द्वारा करियर निर्देशन के लिए राजीव गांधी करियर पोर्टल को लॉगिन करने की प्रक्रिया बताते हुए उसकी विस्तृत जानकारी प्रदान की। माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात् करियर के विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी देते हुए अपनी रूचि के अनुसार क्षेत्र चुनने हेतु निर्देशित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक बून्दी के राजेन्द्र कुमार व्यास ने विद्यार्थियों को जाति, भाषा, लिंग आदि के भेदभाव को त्याग कर सामाजिक समरसता बनाये रखने के निर्देश दिये। हमें सभी का सम्मान करते हुए समाज के कमजोर तबके के लोगों एवं निःसहाय वृद्वों को अपने सेवाभाव से सहयोग प्रदान करना चाहिये।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश राठौर ने नैतिक शिक्षा तथा मादक पदार्थो से बचाने के लिए प्रेरितकरते हुए बताया कि मन में सकारात्मक सोच रखते हुए नियमित अध्ययन करे तथा ऐसे कार्य करे जो मन की शान्ति के साथ-साथ समाज हितार्थ हो। शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए मादक द्रव्य से दूर रहें।
कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थाप्रधानों ने सभी का धन्यवाद दिया एवं विद्यार्थियों ने आयोजित कार्यक्रम पर खुशी जाहिर की।