T20 World cup :शोएब अख्तर ने भारत को दिया मैसेज, 'हम इंतजार कर रहे हैं' वीडियो हुआ वायरल

जयपुर। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के बाद पाकिस्तान ने अब टी 20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। एक समय टूर्नामेंट में बहार होने के कगार पर खडी पाकिस्तान की किस्मत नीदरलैंड ने चमका दी जब उन्होनें साउथ अफ्रीका को हरा दिया।
कहते हैं कि एक जीत पूरे देश का मिजाज बदल सकती है। और अगर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की बात हो तो जश्न कई गुना बढ़ जाता है. पाकिस्तान के साथ भी ऐसा ही हुआ है। एक टीम जो किसी तरह ग्रुप 2 में दूसरे स्थान पर रहने के साथ सेमीफाइनल में पहुंची, अब फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम है।
टी 20 विश्वकप में दूसरा फाइनलिस्ट आज मिल जायेगा। जिससे पाकिस्तान भिडेगी। उस मैच से पहले, पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारत के लिए एक संदेश दिया है।
शोएब अख्तर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि "हिंदुस्तान, हम मेलबर्न पहुंच गए हैं। हम आपका इंतजार कर रहे हैं। मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं कि आप इंग्लैंड को हराकर मेलबर्न पहुंचें। मेलबर्न में ही हमने 1992 के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। अब साल 2022 है। साल हैं अलग लेकिन संख्या समान है। मैं भारत-पाकिस्तान फाइनल चाहता हूं। चलो एक बार और खेलते हैं। हमें एक मैच चाहिए। पूरी दुनिया सांस रोककर इंतजार कर रही है" शोएब अख्तर ने लिखा प्रिय भारत, कल के लिए शुभकामनाएँ। हम क्रिकेट के शानदार खेल के लिए मेलबर्न में आपका इंतजार करेंगे।
बता दें कि पाकिस्तान ने आखिरी बार 2009 में इंग्लैंड में लॉर्ड्स में खिताब जीता था जहां उन्होंने श्रीलंका को आठ विकेट से हराया था। दूसरी तरफ आज भारत अपने मुकाबले में फाइनल में पहुंचने के लिए जी जान लगा देगा। मैच आज एडिलेड में भारतीय समयानुसार 1.30 बजे शुरू होगा।